यूपी: शादी से पहले हुआ बेटी का अपहरण, पिता बोले- पुलिस एक्शन लेती तो ये दिन न देखना पड़ता
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक लड़की की 10 अगस्त को शादी होने वाली थी, लेकिन उससे 4 दिन पहले ही उसका अपहरण हो गया। लड़की के पिता तब से ही बहुत परेशान रहते हैं। उनका कहना है कि, पुलिस की लापरवाही के चलते ऐसा दिन देखना पड़ा। यदि समय पर एक्शन लेती तो ऐसा नहीं हुआ होता। हमें न बेटी मिली और न ही पुलिस का भरोसा रह गया है।

गांव के ही लोगों पर अपहरण के आरोप
संवाददाता के अनुसार, गांव के ही कुछ दबंगों ने 6 अगस्त को लड़की का अपहरण कर लिया था। उसकी बरामदगी के लिये पिता चौकी-थाने के चक्कर लगाता रहा। लेकिन किसी ने उन्हें राहत नहीं पहुंचाई। न बेटी मिली है और न बेटी का अपहरण करने वालों पर कोई कार्यवाही हुई है। उल्टा पुलिस अपहरण को ही संदिग्ध मान रही है।

10 अगस्त को होनी थी शादी
यह घटना कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के एक गांव की है। ऐसा बताया जा रहा है कि, गांव के 4 दबंगों ने 6 अगस्त को लड़की को अगवा किया था। जबकि, 10 अगस्त को उसका निकाह होना था। उसके अगवा होने के बाद पीड़ित पिता ने थाने में न्याय के लिए गुहार लगायी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित का आरोप है कि कई घण्टों बाद बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ, वह भी पुलिस ने अपनी मर्जी का लिखा।

पिता ने बताई आपबीती
लड़की के पिता ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि नामजद अभियुक़्तों को हिरासत में लेकर छोड़ दिया गया। तब से न बेटी मिली है और न ही आरोपियों पर कोई कार्यवाही हुई है। उनका कहना है कि, घर में दहेज रखकर खुद अपनी बेटी को खोज रहे हैं। हाथों में बेटी की फोटो लेकर दर-दर भटकने को मजबूर हैं। अपहरण करने वालों पर बेटी को बेचने का भी आरोप लग रहा है।

यह बोले एसपी
कन्नौज के एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि, यह मामला अपहरण का है या फिर लड़की खुद अपनी मर्जी से गयी है। यह उसकी बरामदगी के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस की टीमें जांच-पड़ताल कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications