Akhilesh Yadav in Kannauj: योग दिवस को बताया दिखावा, भाजपा सरकार पर जमकर बरसे सपा अध्यक्ष
Akhilesh Yadav Kannauj: कन्नौज पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि केवल योग करने से समाज स्वस्थ नहीं होगा। भाजपाइयों को पहले काली नदी में डुबकी लगानी चाहिए, तभी सफाई और स्वास्थ्य की बात सार्थक होगी।
अखिलेश ने कहा कि जब तक नदियों की सफाई और पर्यावरण की चिंता नहीं होगी, तब तक योग महज दिखावा रह जाएगा। उन्होंने योग दिवस को राजनीतिक प्रचार का साधन बताते हुए कहा कि भाजपा को दिखावे से बाहर आना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि अब योगी सरकार के जाने का समय नजदीक है। सरकार के भीतर समन्वय की भारी कमी है। मंत्री और डिप्टी सीएम तक आपस में भिड़े हुए हैं।
ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर भी लगाए गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार में ट्रांसफर और पोस्टिंग के जरिए जबरदस्त वसूली हो रही है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल का पूरा ढांचा भ्रष्टाचार के सहारे खड़ा है, जिसमें जनता की कोई चिंता नहीं की जा रही।
उन्होंने कहा कि अब हालत यह है कि इंजन के साथ-साथ डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं। यह सरकार खुद अपने ही लोगों से नहीं संभल रही है, फिर जनता की भलाई की उम्मीद करना बेमानी है।
कन्नौज में ऐतिहासिक प्रतीकों की स्थापना का ऐलान
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार आने पर कन्नौज में सम्राट हर्षवर्धन और अहिल्याबाई की प्रतिमाएं लगाई जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि महाराणा प्रताप की मूर्ति में सोने का भाला होगा।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी ने अभी से इसका विरोध शुरू कर दिया है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से तकलीफ है, इसलिए वे इस काम का समर्थन नहीं कर रहे।
पूर्व सीएम ने कहा कि सरकार स्कूलों का मर्जर कर युवाओं को शिक्षा से दूर कर रही है। इसका उद्देश्य आरक्षण देने से बचना और सरकारी नौकरियों की संख्या घटाना है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस फैसले का पूरी तरह विरोध करेगी। शिक्षा और रोजगार को लेकर सपा का रुख स्पष्ट है। आने वाले चुनावों में जनता इसका जवाब देगी।
सड़क और बिजली पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की गड्ढामुक्त सड़क योजना पूरी तरह फेल हो चुकी है। जब तक कार्यकर्ताओं को नाश्ता-पानी नहीं मिलेगा, तब तक सड़कों की मरम्मत नहीं होगी।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि लोग अब सड़कों से डामर तक उखाड़कर ले जा रहे हैं। यह स्थिति बताती है कि सरकार के पास ज़मीनी स्तर पर कोई योजना नहीं है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी चरम पर हैं। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। बिजली की हालत खराब है और विभाग आपस में लड़ रहे हैं।
उन्होंने हरदोई की घटना का जिक्र किया, जहां बिजली काटे जाने से अस्पताल में डायलिसिस मरीज की जान पर बन आई। अखिलेश ने इसे सरकारी संवेदनहीनता का उदाहरण बताया।












Click it and Unblock the Notifications