पीयूष के बाद अब रानू मिश्रा के यहां पड़ा IT का छापा, घर और कारखानों में जांच कर रही है विजिलेंस टीम
पीयूष के बाद अब रानू मिश्रा के यहां पड़ा IT का छापा, घर और कारखानों में जांच कर रही है विजिलेंस टीम
कन्नौज, 25 दिसंबर: इत्र कारोबारी पीयूष जैन के बाद इनकम टैक्स और जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय (डीजीजीआई) की एक ज्वाइंट टीम ने शुक्रवार 24 दिसंबर को कन्नौज में छापा मारा। ये छापा इत्र कारोबारी रानू मिश्रा के घर और कारखानों पर ज्वाइंट टीम ने मारा है। बताया जा रहा है कि रानू मिश्रा, पान मसाला और नमकीन बनाने वाली कंपनियों को इत्र कम्पाउंड की सप्लाई करते हैं। तो वहीं, अचानक पड़े इस छापे से इत्र कारोबारी सकते में आ गए है।
Recommended Video

रानू मिश्रा के घर से मिले दस्तावेज और लैपटॉप किया जब्त
बताया जा रहा है कि इनकम टैक्स और डीजीजीआई की संयुक्त टीम ने रानू के घर को अंदर से बंद कर लिया है और जांच पड़ताल कर रही है। टीम ने उनके मुनीम से टीम भी पूछताछ की है और कुछ दस्तावेज जब्त किए है। इतना ही नहीं, रानू मिश्रा का लैपटॉप भी जब्त किया गया है। ऐसी खबर भी मिल रही है कि रानू मिश्रा के घर से नकदी भी मिली है। हालांकि, इस बारे में कोई अधिकारिक जानकारी अभी तक नहीं मिली है।

रानू मिश्रा भी हैं कंपांउड इत्र के बड़े व्यापारी
इत्र नगरी कन्नौज में संदीप मिश्रा उर्फ रानू मिश्रा भी इत्र के बड़े व्यापारी है‚ जिनका कारोबार मुंबई‚ राजस्थान‚ उड़ीसा तक फैला हुआ है। छापा डाल रही टीम ने रानू मिश्रा के यहां भी बारीकी से छानबीन शुरू कर दी है। इत्र नगरी में छापेमारी से इत्र व्यापारी सतर्क हो गए है। सूत्रों की मानें तो इत्र नगरी में और भी व्यापारियों पर गाज गिर सकती है। टीम की लगातार कार्रवाई इत्रनगरी में जारी है।

पीयूष के दोनों बेटे को लेकर कन्नौज पहुंची टीम
वहीं, दूसरी तरफ इनकम टैक्स और जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय (डीजीजीआई) की ज्वाइंट टीम ने पीयूष के दोनों बेटों को लेकर कन्नौज पहुंची। यहां टीम ने सील किए गए मकान का ताला खोलकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। ऐसा बताया जा रहा है कि 15 से 20 अलमारियों की चाबी न मिलने पर टीम ने कटर से ताला तोड़कर रुपए और कागजात बरामद किए। वहीं, चाबियों से भरा एक थैला भी टीम को मिला है। ऐसा बताया जा रहा है कि टीम को 2 हजार के नोटों से भरा एक गत्ता भी मिला है। हालांकि, इसकी अभी तक अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। समाचार लिखे जाने तक दोनों जगह कार्रवाई जारी है।

4 करोड़ रुपए और जेवरात भी मिले
अमर उजाला की खबर के मुताबिक, पीयूष जैन के कन्नौज स्थित घर से करीब चार करोड़ रुपए और करीब एक करोड़ के जेवर भी टीम को मिले हैं। हालांकि, इसकी अभी तक अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल इनकम टैक्स और डीजीजीआई की संयुक्त टीम छिपट्टी मोहल्ले में कंपाउंड कारोबारी पीयूष जैन और उनके भाई अमरीष जैन का संयुक्त आवास पर है। समाचार लिखे जाने तक पीयूष जैन के घर में टीम की कार्रवाई जारी है।












Click it and Unblock the Notifications