हिमाचल में चुनाव अभियान का आगाज करने पहुंचे सीएम अरविंद केजरीवाल, कर सकते हैं सीएम फेस का ऐलान
धर्मशाला, 23 अप्रैल। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज दोपहर कांगड़ा हवाई अड्डा पर पहुंचे। यहां हिमाचल पुलिस के जवानों ने उन्हें सलामी दी। कार्यकर्ताओं ने जोरदार तरीके से केजरीवाल का स्वागत किया। यहां से केजरीवाल शाहपुर के चंबी मैदान के लिए रवाना हुए। जहां रैली को संबोधित करेंगे। आम आदमी पार्टी यहां अपने सी एम चेहरे की घोषणा कर सकती है।

बीते कल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के रोड शो व नगरोटा बगवां में भाजपा की जनसभा के बाद आज कांगड़ा जिला में आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल अपनी पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं के आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने की भी संभावना जताई जा रही है। कांगड़ा के चंबी मैदान की ओर लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कांगड़ा हवाई अड्डे पर उतरने पर के बाद शाहपुर के चंबी मैदान में पार्टी की रैली को संबोधित करेंगे। प्रदेश में ईकाई भंग कर चुकी आम आदमी पार्टी एक बार फिर चुनावी मोड में आ गई है। और पार्टी ने अपना पूरा फोकस कांगड़ा जिला की ओर कर दिया है। आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेता पिछले कई दिनों से यहां डेरा डाले हैं। दिल्ली के मंत्री सत्येन्दर जैन के अलावा पंजाब के विधायक गोल्डी कंबोज भी यहां पहुंचे हैं। प्रदेश के सबसे बड़े जिला में इन दिनों राजनीतिक सरगर्मियां एकाएक तेज हो गई हैं। एक ओर भाजपा ने पिछले कल जेपी नड्डा के कार्यक्रम में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। वहीं आप की रैली में आज लोग अपने खर्च पर पहुंच रहे हैं।
आज चंबी मैदान में होने वाली अरविंद केजरीवाल की रैली में कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री विजय सिंह मनकोटिया के भी आप में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आप की रैली को चंबी मैदान में करवाने के लिये मनकोटिया ने ही प्रयास किये हैं। शाहपुर मनकोटिया की कर्मभूमि रही है। व कांगड़ा की राजनीति में राजपूत नेता के तौर पर उनकी गिनती होती रही है। मनकोटिया के कांग्रेस छोड़ने से पार्टी को खासा झटका लगेगा। इससे पहले आम आदमी पार्टी मंडी में रोड शो कर चुकी है। जिसके केजरीवाल के साथ पंजाब के सीएम भंगवंत मान आये थे। मंडी को राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का मजबूत गढ़ माना जाता है। इसके बाद अब कांगड़ा में आप ने अपनी राजनैतिक गतिविधयां शुरू कर दी हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक आज केजरीवाल के दौरे के दौरान पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया आप में शामिल हो सकते हैं। मनकोटिया कांगड़ा के दिग्गज राजपूत नेता हैं। इसके अलावा वह एक्स-सर्विसमैन लीग ऑफ हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। इस लीग में एक लाख से ज्यादा पूर्व सैनिक शामिल हैं। ऐसे में उनका पार्टी में शामिल होना आप के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। कहा जा रहा है कि मनकोटिया की एंट्री से आप को कांगड़ा जिले से एक मजबूत चेहरा मिलेगा। यहां 15 विधानसभा सीटें हैं। यही नहीं , आप पूर्व सांसद और ब्राह्मण नेता के भी संपर्क में भी है। साल 2019 में धर्मशाला उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज करने वाले राकेश चौधरी पहले ही आप में शामिल हो चुक हैं। चौधरी का कहना है कि कांगड़ा जिले के अलग-अलग हिस्सों से हजारों लोग रैली में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मौजूदा सरकार ने कांगड़ा जिले को नजरअंदाज कर दिया है।
चौधरी ने कहा कि बेरोजगारी और बढ़ी कीमतों ने कई लोगों का जीवन मुश्किल कर दिया है। उन्होंने कहा कि आप एकमात्र पार्टी है, जो आम आदमी के अधिकारों के लिए लड़ रही है। चौधरी के अलावा नगरोटा बागवान से भाजपा के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष डॉक्टर नरेश वरमानी एकमात्र बड़े नेता हैं, जो आप का हिस्सा बने हैं। दिल्ली के स्वास्थय मंत्री सत्येंद्र जैन ने दावा किया कि भाजपा नेता नड्डा के रोड शो के मुकाबले चंबी मैदान में केजरीवाल की रैली में अधिक भीड़ जुटेगी। उन्होंने कहा कि आज की रैली में लोग अपने खर्च पर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications