हिमाचल चुनाव जल्दी कराने की तैयारी है, हम देंगे ईमानदार सरकार: सीएम अरविंद केजरीवाल
धर्मशाला, 23 अप्रैल। आम आदमी पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुये आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और सीएम जय राम ठाकुर पर हमला बोलते हुये कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी दिल्ली मॉडल कामयाब होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा व कांग्रेस पार्टी के नेताओं की सोच में खोट है। लेकिन हमारी नीयत साफ है। हम हिमाचल में भ्रष्टाचार मुक्त ईमानदार सरकार देंगे। प्रदेश के लोग भी दिल्ली और पंजाब की तरह ईमानदार सरकार चाहते हैं। यहां पहुंचने पर अरविंद केजरीवाल का हिमाचली टोपी पहनाकर स्वागत किया गया। माता बज्रेश्वरी के आशीर्वाद स्वरूप चुन्नी भी पहनाई गई, इसके अलावा पंडित ने मोली धागा भी बांधा। अरविंद केजरीवाल के संबोधन से पहले कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति हुई।

कांगडा जिला के शाहपुर के चंबी मैदान में आम आदमी पार्टी की रैली को संबोधित करते हुये अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हिमाचल और गुजरात में चुनाव जल्दी करवाने की तैयारी है। इसलिए डरो मत जनता तैयार हो जाओ, चाहे जून में चुनाव करवा लें। उन्होंने कहा कि भाजपा व कांग्रेस में सभी बुरे लोग नहीं हैं कुछ लोग अच्छे हैं, हिमाचल के लोग अच्छे हैं जनता अच्छी है, मेहनतकश लोग हैं, यह नेता बुरे हैं। हिमाचल के लोगों को लूट लिया। इसलिए भाजपा व कांग्रेस के अच्छे लोगों का आम आदमी पार्टी में स्वागत है। विकास चाहिए तो आम आदमी पार्टी के पास आना, सिर्फ घोषणाएं चाहिए तो इनके पास चले जाना। मैं ईमानदार व्यक्ति हूं, आप ईमानदार पार्टी है।

भाजपा व कांग्रेस पार्टी में मौजूद अच्छे नेताओं को आप में शामिल होने का न्योता दिया। व कहा कि हम सब मिलकर नया हिमाचल बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सबको मिलकर एकजुट होना होगा। ताकि पंजाब की तरह यहां भी सत्ता पलट सके। उन्होंने कहा कि इस बार हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस का का खेल नहीं चलेगा। हिमाचल के लोग आप को एक मौका दें, ताकि बेहतर सरकार स्थापित हो सके। केजरीवाल ने मंच से भाजपा व कांग्रेस दोनों दलों पर निशाना साधा। 30 साल तक कांग्रेस ने 17 साल तक भाजपा ने राज किया, लेकिन दोनों दलों के नेता कह रहे हैं केजरीवाल यह केजरीवाल वो। 30 साल कांग्रेस को दिए, 17 साल भाजपा को दिए, पांच साल मुझे आम आदमी पार्टी को दे दो। अगले पांच साल बाद वोट मांगने नहीं आउंगा, मेरा काम वोट दिलाएंगे।
केजरीवाल ने कहा जयराम ठाकुर जी हिमाचल के सरकारी स्कूलों का क्या हाल है। आज दिल्ली के सरकारी स्कूलों को देखें। आप की सरकार आने से पहले दिल्ली के सरकारी स्कूल भी वैसे ही थे। उन्होंने कहा कि दोनों ही दलों ने प्रदेश को लूटा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समस्याओं के लिये दोनों ही पार्टियां जिम्मेदार हैं। लेकिन दोनों ही दलों के मुझे कोसते रहते हैं। अनुराग ठाकुर , जय राम ठाकुर मुझे कोसते रहते हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्कूल बदहाल है। लेकिन जय राम सरकार इन्हें सुधारने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रही है।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के स्वास्थ्य संस्थानों का बुरा हाल था, आम आदमी पार्टी ने सुधारा है। अब इलाज फ्री किया है। क्या ऐसा माडल हिमाचल को चाहिए की नहीं चाहिए। स्वास्थ्य संस्थान बेहतर हों और मुफ्त इलाज हो। अगर यह सब चाहिए तो आम आदमी पार्टी को लाना होगा। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में 25 हजार सरकारी नौकरियां निकाली हैं, दिल्ली में 12 लाख बच्चों को पांच साल में नौकरियां दी हैं और हिमाचल में पता चला कि एक भी नौकरी नहीं। केजरीवाल ने बिजली फ्री करने की बात की, जयराम ठाकुर ने नकल मारने का प्रयास किया पर नकल को भी अकल चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications