क्या इंडिया गठबंधन के साथ झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ेगी CPI? डी राजा ने कहा- सीट शेयरिंग पर मंथन जारी
D. Raja: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के महासचिव डी. राजा ने झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार (07 सितंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इंडिया गठबंधन के साथ जाने पर प्रतिक्रिया दी। डी. राजा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी काफी मजबूती के साथ झारखंड विधानसभा चुनाव में आएगी।
इंडिया गठबंधन के साथ जाने और शीट शेयरिंग पर डी राजा ने कहा, ''विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी मजबूती के साथ लड़ेगी। हमारी पार्टी शीट शेयरिंग के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रही है। पार्टी की ओर से सीटों को लेकर लगातार मंथन का दौर जारी है। हम जल्द ही किसी फैसले पर पहुंचेंगे और आपको जानकारी देंगे।''

उन्होंने कहा कि सीपीआई झारखंड में विधानसभा चुनाव जीतने और भाजपा और दक्षिणपंथी ताकतों को सबक सिखाने के लिए इंडिया ब्लॉक के बैनर तले आए सभी धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक दलों को एकजुट करने की कोशिश करेगी।
डी राजा साल के अंत में झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा करने के लिए दिन में झारखंड पहुंचे थे।
ये भी पढ़ें- Jharkhand Election 2024: झारखंड में इस बार किसकी सरकार? ओपिनियन पोल से साफ हो गई तस्वीर
क्या इंडिया गठबंधन के साथ झारखंड चुनाव लड़ेगी CPI?
हालांकि डी राजा ने ये साफ नहीं किया कि इंडिया ब्लॉक के बैनर के तले विधानसभा चुनाव लड़ेंगे या नहीं। उन्होंने बार-बार सवाल किए जाने पर कहा कि पार्टी सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत में लगी है। इससे पहले लोकसभा चुनावों में सीपीआई ने 10 मार्च को विपक्षी दल इंडिया गठबंधन से नाता तोड़ लिया था और कहा था कि वह अकेले झारखंड 14 लोकसभा सीटों में से आठ पर चुनाव लड़ेगी। ऐसे में अब ये देखना दिलचस्प होगा कि विधानसभा चुनावों में सीपीआई इंडिया ब्लॉक के साथ जाती है या फिर अकेले चुनाव लड़ती है।
हालांकि जिस तरह डी राजा ने भाजपा और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना की, उससे तो यही संभावना है कि वह इंडी गठबंधन के साथ चुनाव में उतरेंगे। डी राजा ने शनिवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि वह झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले लोगों का ध्रुवीकरण करने के लिए अन्य दलों से नेताओं को अपने पाले में ला रही है और घुसपैठ जैसे मुद्दे उठा रही है।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, "भाजपा और उसके रूढ़िवादी सहयोगी झारखंड में सत्तारूढ़ दलों को निशाना बना रहे हैं। कामकाज को बाधित करने के लिए वे संभव हो तो सत्तारूढ़ दलों से नेताओं को अपने पाले में लाते हैं। झारखंड में ऐसा हो रहा है।"
डी. राजा ने कहा- हमारा फोकस अभी जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के चुनावों पर है
डी. राजा कहते हैं, ''लोकसभा चुनाव के बाद अब हम जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के चुनावों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। जम्मू-कश्मीर में स्थिति स्पष्ट है, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी गठबंधन में शामिल राजनीतिक दल मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। जम्मू-कश्मीर बहुत महत्वपूर्ण चुनाव बन गया है।''












Click it and Unblock the Notifications