हैवानियतः कलयुगी बेटे ने मां को मार डाला फिर उसकी चिता जलाकर मुर्गा सेंककर खाया
पश्चिम सिंहभूम। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के जोजोगुटू गांव के नवाबीर टोले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। इसके बाद हैवानियत की हद पार करते हुए उसने घर के आंगन में ही मां की चिता में आग लगा दी फिर उसी जलती चिता में मुर्गा सेंककर खाने लगा। घटना शुक्रवार राठ 8 बजे की है। घटना को अंजाम देने के बाद भी वह घर में ही बैठा रहा।

शनिवार की सुबह उसने मां की अधजली लाश को घर के अंदर चूल्हे में फेंक दिया। आरोपित पुत्र का नाम प्रधान सोय है। वहीं मृत महिला का नाम सुमी सोय है। इस घटना की चश्मदीद आरोपित की भाभी सोमवारी सोय ने शनिवार को घटना की जानकारी गांव वालों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपित बेटे को पकड़ कर उसके हाथ-पैर बांध दिये। फिर पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने अधजले शव के कुछ अवशेष को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपित प्रधान सोय को गिरफ्तार कर लिया और जांच में जुट गई है। गांव वालों ने बताया कि लगभग पांच वर्ष पहले आरोपित बेटे ने अपनी पिता गोपाल सोय की भी हत्या कर दी थी। दो साल पहले ही जेल से छुटकर आया था।
घटना को लेकर आरोपिती की भाभी ने बताया शुक्रवार की रात 8 बजे वह और उसकी सास सोने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान नशे में देवर प्रधान सोय घर पहुंचा और लाठी-डंडे से पीटने लगा। इसके बाद सोमवारी अपने एक माह के बच्चे को लेकर घर से निकल गई और छुप गई। फिर उसने देखा प्रधान सोय घर के आंगन में अपनी मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके कुछ देर बाद घर के आंगन में ही लकड़ी व धान-भूसे की चिता सजा कर मां के शव को जलाने लगा।
कुछ देर बाद जलती हुई चिता पर प्रधान सोय ने मुर्गा सेंककर खाया और सोने चला गया। घटना के चलते डरी-सहमी सोमवारी ने रात को ही पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद जब पड़ोसी प्रधान के घर पहुंचे और आवाज देने लगे तो बाहर निकलकर आरोपित प्रधान उन्हें भी मारने की कोशिश करने लगा। रात बीत जाने के बाद जब सोमवारी घर में पहुंची तो देखा कि आरोपित प्रधान मां के शव के बचे अवशेष को चूल्हे में डाल दिया और भागने लगा।
इस दौरान सोमवारी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रधान के हाथ-पैर को रस्सी से बांधकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी, पुलिस निरीक्षक फागू होरो, थाना प्रभारी राहुल कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
वहीं मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक सोय के अधजले शव के अवशेष बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आरोपित प्रधान सोय को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications