झारखंड चुनाव को लेकर बोले चिराग पासवान, कहा-'जल्द ही तय करेंगे कि अकेले लड़ना है या गठबंधन के साथ'
Jharkhand Assembly Election 2024: लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रांची एयरपोर्ट पर झारखंड चुनाव के मद्देनजर पार्टी की रणनीति पर अहम बयान दिया है। केंद्रीय मंत्री पासवान ने बताया कि उनकी पार्टी इस पर विचार कर रही है कि वह आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव में किसी अन्य पार्टी के साथ गठबंधन करे या अकेले चुनाव लड़े।
पार्टी झारखंड में कई कार्यक्रमों के आयोजन के जरिए अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते मैं कहूंगा कि पार्टी जहां मजबूत है और जहां कार्यक्रम आयोजित करना चाहती है। वहां हम कई आयोजन करेंगे।

झारखंड में इस साल के अंत में चुनाव होने की संभावना के चलते राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। लोक जनशक्ति पार्टी राज्यभर में कई कार्यक्रमों की योजना बना रही है। जिसमें पलामू, धनबाद और जमशेदपुर के आगामी कार्यक्रम शामिल हैं। चिराग पासवान ने बताया कि आज पार्टी का कार्यक्रम है। पलामू में एक कार्यक्रम है। 29 तारीख को हम फिर आएंगे। फिर धनबाद और जमशेदपुर में कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए हम तय करेंगे कि पार्टी किस दिशा में जाना चाहती है।
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने भी झारखंड चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया में जुट गई है। चौहान ने भाजपा की तैयारियों को लेकर कहा कि हमने पहले चरण के लिए उम्मीदवारों का चयन शुरू कर दिया है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में चुनाव समिति की बैठक होगी। जिसके बाद निर्णय लिया जाएगा।
भाजपा ने मौजूदा झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस गठबंधन की आलोचना करते हुए राज्य में मजबूत पकड़ बनाने की अपनी मंशा जाहिर की है।
"Will decide soon whether to contest alone or with an alliance": LJP (RV) president Chirag Paswan on Jharkhand polls
— ANI Digital (@ani_digital) September 23, 2024
Read @ANI story | https://t.co/PSdtsEVLgK#JharkhandPolls #ChiragPaswan #LJP pic.twitter.com/DE6ixnqvch
कांग्रेस पार्टी भी झारखंड चुनाव के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे रही है। पूर्व जेपीसीसी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, अंबा प्रसाद और धीरज प्रसाद साहू को चुनाव समिति में शामिल कर दिया गया है। कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति, अभियान समिति और घोषणापत्र समिति का गठन किया जा चुका है।
आपको बता दें कि झारखंड में इस साल के अंत में 81 सदस्यीय विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। हालांकि चुनाव आयोग द्वारा अभी तक आधिकारिक तिथियों की घोषणा नहीं की गई है। सभी प्रमुख राजनीतिक दल लोक जनशक्ति पार्टी, भाजपा और कांग्रेस अपनी रणनीतियों को मजबूत करने और राज्य में अपना प्रभुत्व बढ़ाने के लिए जुट गए हैं। आगामी चुनाव झारखंड के राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications