झारखंडः पलामू में दर्दनाक सड़क हादसे के चलते मौके पर ही तीन की मौत, दो घायल
पलामू। झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कौवाखोह गांव के रजवार मोड़ के पास NH-98 पर बाइक और ट्रेलर के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बाइक सवार एक युवक और ट्रेलर का ड्राइवर-खलासी शामिल हैं। दरअसल, ट्रेलर मेदिनीनगर की तरफ से तेज गति में आ रहा था और इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर सड़क पर सामने से जा रहे बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद टक्कर मारता हुआ रोड किनारे स्थित एक खाली घर में घुस गया। बता दें कि बाइक पर तीन लोग सवार थे। वहीं ट्रेलर पर लोहे का गार्डर लदा हुआ था।

हादसे के बाद ड्राइवर व खलासी का शव ट्रेलर के केबिन में फंस गया। जबकि बाइक सवार एक युवक और महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक 23 वर्षीय धर्मेंद्र भुइया बाइक से धनंजय भुइया और उसकी पत्नी जयंति देवी को लेकर तुरकाडीह नौडीहा आ रहा था। इसी बीच सामने से आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और अपनी साइड को छोड़ बाइक में टक्कर मारते हुए गणेशी यादव के खाली घर में जा घुसा।
ट्रेलर की टक्कर से धर्मेंद्र भुइया की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि धनंजय भुइया और जयंति देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इधर, घर की दीवार से टकराने की वजह से ट्रेलर के ड्राइवर और खलासी की भी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रेलर के केबिन में फंसे शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। वहीं, धनंजय भुइया और जयंति देवी को मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications