झारखंडः पलामू में भीषण सड़क हादसा, पति-पत्नी और बच्चे की मौत
पलामू। झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के पोखराहा में एनएच 39 पर बुधवार की सुबह ट्रक और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान धनबाद के जोड़ापोखर थाना के मुंशी 37 वर्षीय अखिलेश प्रसाद यादव, उनकी पत्नी और बच्चे की मौत हो गई। वहीं, उनकी कार में बैठा एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

अखिलेश कार खुद चलाकर पत्नी और बेटे के इलाज के लिए रांची जा रहे थे। इसी दौरान यह भीषण सड़क हादसा हुआ। अखिलेश प्रसाद यादव धनबाद के जोड़ापोखर थाना से शनिवार को पलामू गए थे। उनकी बहन की शादी 26 अप्रैल को होनी है। 21 अप्रैल को बहन का तिलक होना है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
अखिलेश के तीन बेटे हैं। इनमें से 12 साल और 3 वर्ष के दो बेटे को वो घर पर ही छोड़कर रांची जा रहे थे। छतरपुर थाना क्षेत्र के कौअल स्थित अपने घर से अखिलेश सुबह करीब 3 बजे रांची जाने के लिए अपनी कार से निकले थे। इस दौरान कार में उनके साथ उनकी 34 वर्षीय पत्नी प्रमिला देवी, 10 वर्षीय बेटा गुलशन और गांव का ही युवक 20 वर्षीय मनीष कुमार कार में बैठे थे।
रांची में डॉक्टर से पत्नी और बेटे का इलाज कराना था। रांची जाने के दौरान सतबरवा थाना क्षेत्र के पोखराहा में स्विफ्ट कार की टक्कर सामने से आ रहे ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद कार में सवार सभी को निकालने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद सभी को कार से बाहर निकाला गया।
इस दौरान अखिलेश और उनके बेटे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि गंभीर रूप से जख्मी प्रमिला देवी और मनीष को एमएमसीएच लाया गया, जहां इलाज के दौरान प्रमिला देवी ने भी दम तोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications