झारखंड में बीजेपी को लेकर विधायक रणधीर सिंह का बड़ा दावा, कहा-'हरियाणा शासन मॉडल ने मतदाताओं का दिल जीता'
Jharkhand Assembly Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत ने झारखंड में पार्टी कार्यकर्ताओं में नई उम्मीदें जगा दी हैं। इस जीत के बाद झारखंड के पूर्व कृषि मंत्री और सारथ विधायक रणधीर सिंह ने भाजपा की आगामी झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में संभावनाओं को लेकर आत्मविश्वास व्यक्त किया है। सिंह ने कहा कि हरियाणा की जीत मोदी सरकार के प्रभाव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का प्रमाण है। जिससे झारखंड के कार्यकर्ताओं में भी जोश भर गया है।
रणधीर सिंह ने हरियाणा में मिली जीत को पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बताते हुए कहा कि हरियाणा में भाजपा के शासन मॉडल ने झारखंड के मतदाताओं का दिल जीतने में अहम भूमिका निभाई है। इस जीत से झारखंड में भी पार्टी के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आई है। हम आगामी विधानसभा चुनावों में इसी सफलता को दोहराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

सिंह ने झारखंड की मौजूदा हेमंत सोरेन सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्मान योजना और बिजली माफी जैसे वादे केवल चुनावी नारे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार ने अपने कार्यकाल में महिलाओं के मुद्दों और बिजली माफी पर ध्यान नहीं दिया और अब चुनावों के समय इन मुद्दों पर फोकस करना जनता को भ्रमित करने का प्रयास है।
रणधीर सिंह ने भाजपा की प्रस्तावित गोगो दीदी योजना का जोरदार समर्थन किया। जो महिलाओं को सशक्त बनाने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के लिए असली बदलाव लाएगी और भाजपा के सत्ता में आते ही इसे लागू किया जाएगा। इस योजना से झारखंड मुक्ति मोर्चा बेचैन हो गया है। क्योंकि उन्हें इसके राज्य पर पड़ने वाले प्रभाव का अंदाजा हो गया है।
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की रणनीति को लेकर सिंह ने कहा कि पार्टी हाल की सफलताओं और केंद्र सरकार की नीतियों के आधार पर अपने चुनावी अभियान को मजबूत करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार की उपलब्धियां राज्य के मतदाताओं पर सकारात्मक प्रभाव डालेंगी और भाजपा को चुनाव में जीत दिलाने में मदद करेंगी।
हरियाणा में मिली जीत से उत्साहित झारखंड भाजपा आत्मविश्वास से भरकर आगामी चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। रणधीर सिंह ने पार्टी के शासन मॉडल, गोगो दीदी योजना और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को चुनावी जीत की कुंजी बताया। भाजपा नेता पूरी उम्मीद कर रहे हैं कि पार्टी की यह रणनीति झारखंड में भी जनता का विश्वास जीतने में कामयाब होगी।












Click it and Unblock the Notifications