लोहरदगाः पत्नी को हथौड़े और कुल्हाड़ी से मारकर फरार हो गया पति
लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के कानी टोला में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने अपनी पहली पत्नी की निर्ममता से हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर में छोड़ बाहर से दरवाजा में ताला लगा कर आरोपित पति फरार हो गया। घटना रविवार शाम की है। हत्या की घटना की जानकारी जैसे ही गांव वालों को मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सोमवार को घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है लेकिन यह आशंका जताई जा रही है कि पति ने पैसे को लेकर पत्नी की हत्या की है। महिला को कुछ दिन पहले ही पीएम आवास योजना के तहत पहली किस्त मिली थी। मृतका की शिनाख्त 32 वर्षीय सीता देवी के रूप में हुई है। आरोपित सच्चू महतो से 10 साल पहले सीता की शादी हुई थी। दोनों से एक 13 साल का बेटा और एक 11 साल की बेटी है। लेकिन करीब सात साल पहले सच्चू ने बिरसमुनी से दूसरी शादी कर ली और उसके साथ देवाकीधाम के पास रहने लगा।
इसके चलते सच्चू और सीता में विवाद होने लगा और दोनों बच्चों के साथ ब्रम्हांडीहा में रहने लगी। इसी दौरान सीता देवी को पीएम आवास योजना की पहली किस्त मिली थी। इसके बाद से सच्चू महतो सीता देवी के नजदीक आ गया और दोनों ही कानी टोला में रहने लगे। रविवार को किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान सच्चू ने बड़े से हथौड़े से पत्नी सीता पर हमला कर दिया, जिससे सीता की मौके पर ही मौत हो गई।
मां को बेटे ने मार डाला
वहीं चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के पटेर गांव में रविवार को एक शराबी बेटे ने अपनी ही मां को टांगी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। मृतका बौधी देवी की उम्र करीब 50 वर्ष थी। सदर थाना पुलिस ने हत्यारे बेटे अनिल भुइंया को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि रविवार की दोपहर को अनिल भुइयां की मां बौधी देवी बाजार से लकड़ी बेचकर वापस घर लौटी थी। इसी दौरान घर में पहले से मौजूद शराबी बेटे अनिल ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे तो उसकी मां ने पैसे देने से इनकार कर दिया। जिससे नाराज होकर अनिल गुस्सा हो गया और घर में रखी कुल्हाड़ी से मां पर हमला कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications