हजारीबागः भूत-प्रेत भगाने के दौरान युवक ने बकरे के साथ ओझा की भी दे दी बलि
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शख्स ने झाड़-फूंक करने वाले ओझा की बकरे के साथ बलि दे दी। यह पूरा मामला हजारीबाग जिले के बरकट्ठा इलाके का है, वहीं पुलिस ने हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की शिनाख्त सुरेश कुमार के रूप में हुई है।

भूत-प्रेत को भगाने के लिए घर आया था ओझा
इसके अलावा पुलिस ने मृतक ओझा भोला महतो के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूत्रों के मुताबिक आरोपित सुरेश यादव के परिवार वालों को इस बात की आशंका था कि कोई प्रेतात्मा उन्हें परेशान कर रही है। इसी के चलते प्रेतात्मा को भगाने के लिए परिजनों ने ओझा भोला महतो को बुलाया था। भोला महतो ने प्रेतात्मा को भगाने की प्रक्रिया शुरू की।

बकरे को काटने के बाद ओझा को भी काट डाला
इस दौरान उसने सुरेश से बकरे की बलि देने को कहा। फरसे से बकरे की बलि देने के बाद ही सुरेश चिल्लाने लगा और कहा कि ओझा भोला महतो ने ही उसके ऊपर प्रेतक्रिया की है। इस दौरान कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही सुरेश ने फरसे से ओझा भोला महतो की गर्दन पर वार कर दिया। इसके चलते भोला महतो की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित सुरेश मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने हत्यारोपित को किया गिरफ्तार
वारदात की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं भोला महतो के बेटे लालधन के बयान के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपित सुरेश की खोजबीन शुरू की। आरोपित सुरेश को देर शाम बगोदर थाना क्षेत्र के घरगुल्ली से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications