Giridih violence: झारखंड के गिरिडीह में होली जुलूस में बवाल, दो समुदायों में हिंसक झड़प, कई लोग घायल
Jharkhand Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले में शुक्रवार 14 मार्च को होली जुलूस में दो समुदायों में हिंसक झड़प हुई। गिरिडीह हिंसा में कई लोगों के घायल हुए हैं और छह दुकानों में कथित तौर पर आग लगा दी गई है। घटना गिरीडीह के गोडथंबा ओपी इलाके में हुई है। दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें कई लोग घायल हुए। वहीं कई वाहनों में भी आग लगाई गई है।
गिरिडीह उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी ने कहा, "होली समारोह के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है... हमें मिली जानकारी के मुताबिक कुछ असामाजिक तत्वों ने कुछ वाहनों में आग लगा दी... घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।''

डीडीसी स्मिता कुमारी ने कहा, ''मजिस्ट्रेट के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं। पुलिस तैनात कर दी गई है और लगातार नजर रखे हुए हैं। अब स्थिति नियंत्रण में है।"
गिरिडीह हिंसा पर खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राजेंद्र प्रसाद का कहना है, "घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है...हमें किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है...स्थिति अब नियंत्रण में है।"
एसपी डॉ. बिमल कुमार का कहना है, "कल दो समुदायों के बीच झड़प हुई थी। स्थिति अब नियंत्रण में है... सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। हमने घटना में शामिल दोनों पक्षों के उपद्रवियों की पहचान कर ली है। हम और लोगों की पहचान करेंगे... जिन लोगों की पहचान हो गई है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "संबंधित एजेंसियों और बलों को निश्चित रूप से मामले का संज्ञान लेना चाहिए था। जो भी दोषी हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।''












Click it and Unblock the Notifications