झारखंडः नदी में नहाने के दौरान एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में 7 युवकों की डूबने से मौत
गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में सोननदी में बड़ा हादसा हो गया। नदी में 8 युवक नहाने आए थे, जो डूब गए। इस दौरान 7 युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक को बचा लिया गया। सभी मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। गांव वालों ने जब घटना की जानकारी पुलिस को दी तो मौके पर गोताखोर पहुंचे। इसके बाद करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को बरामद किया गया है। बता दें कि सभी युवक डुमरसोता गांव के निवासी थे।

वहीं एसडीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के मुताबिक मुआवजा दिया जाएगा। यह घटना बीते शनिवार की है। घटना की जानकारी मिलते ही नदी के पास भीड़ एकत्रित हो गई और चीख-पुकार मच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने खुद युवकों की लाश को ढूंढने के लिए नदी में कूद पड़े। इस दौरान घटना की सूचना प्रशासन को भी दी गई, जिसके बाद मौके पर गोताखोर की टीम को भेजा गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक गांव के रहने वाले आठ युवक नदी में नहाने के लिए गये थे। नदी का बहाव तेज है और नीचे काफी दलदल भी जमा हो गया है। ऐसे में वहां पर मौजूद लोगों ने उन्हें किनारे में ही नहाने की सलाह दी लेकिन युवकों ने नहीं सुनी। नहाने के दौरान सभी किनारे से आगे गहरे पानी में चलते गये। इसी बीच एक युवक डूबने लगा, तो उसे बचाने के लिए दूसरा आगे बढ़ गया, वह भी डूबने लगा, फिर उसे बचाने के लिए तीसरा युवक आगे गया। इसी तरह सभी एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में डूब गए।
हालांकि किनारे मौजूद लोगों ने एक युवक को बचा लिया। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने फौरन पुलिस को दी। इस बीच नदी के किनारे लोगों की काफी भीड़ जुट गई। गोताखोरों ने सातों युवक के शव को बरामद कर लिया। मृतक युवकों की शिनाख्त 25 वर्षीय ब्रजेश सिंह, 20 वर्षीय आलोक मिश्रा, 15 वर्षीय अमित मिश्रा, 14 वर्षीय नीरज मिश्रा,19 वर्षीय अश्वनि दुबे, 14 वर्षीय राजन दुबे व 20 वर्षीय सुशील मिश्रा के रूप में हुई।












Click it and Unblock the Notifications