झारखंड चुनाव: CM हेमंत सोरेन के प्रस्तावक मंडल मुर्मू BJP में शामिल, क्या अब भाजपा के लिए मांगेंगे वोट?
Hemant Soren proposer Mandal Murmu: झारखंड विधानसभा चुनावों से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को बड़ा झटका लगा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावक मंडल मुर्मू रविवार (03 नवंबर) को रात में देवघर जिले में आधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गए। मंडल मुर्मू के बीजेपी में शामिल होने के हफ्तेभर पहले गिरिडीह पुलिस द्वारा नाटकीय ढंग से पीछा किए जाने पर विवाद शुरू हुआ था।
मंडल मुर्मू को एक समारोह में भाजपा में शामिल किया गया, जिसमें असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे और भाजपा की जामताड़ा उम्मीदवार सीता सोरेन मौजूद थीं।

ये भी पढ़ें- हेमंत सोरेन के प्रस्तावक मुर्मू को लेकर क्यों है सियासी हलचल? क्या प्रस्तावक के कारण नामांकन रद्द हो सकता है?
मंडल मुर्मू बोले- JMM में नहीं मिल रहा था सम्मान, BJP की नीति और सिद्धांत से प्रभावित हूं
मंडल मुर्मू आदिवासी प्रतीक सिद्धो और कान्हो के वंशज हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंडल मुर्मू ने कहा कि वे सिद्धू-कान्हू के छठे वंशज हैं। मंडल मुर्मू ने कहा कि उन्हें झारखंड मुक्ति मोर्चा में सम्मान नहीं मिल रहा था। बरहेट विधानसभा से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का प्रस्तावक बनने के बाद वे सहज महसूस नहीं कर रहे थे। इसी वजह से वह भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति और सिद्धांत से वह प्रभावित हैं।
मंडल मुर्मू ने कहा, "सबसे पहले, मैं अपने पूर्वजों को नमन करता हूं... सिद्धो-कान्हो, फूलो झानो ने इस देश के लिए खुद को बलिदान कर दिया... मैं उस परिवार से हूं। मैं अपनी इच्छा से भाजपा में शामिल हो रहा हूं। हम संथाल परगना में जनसांख्यिकी के संबंध में पहल करेंगे।"
ये भी पढ़ें- कोल्हान करेगा तय, झारखंड में किसकी बनेगी सरकार? JMM के किले में भाजपा के दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर!
क्या मंडल मुर्मू चुनाव में भाजपा के लिए करेंगे प्रचार?
रिपोर्ट के मुताबिक मंडल मुर्मू संथाल परगना क्षेत्र में भाजपा के लिए प्रचार करेंगे, जिसमें 18 सीटें हैं। भाजपा के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक वह भाजपा उम्मीदवार गमलिएल हेम्ब्रम का भी समर्थन करेंगे, जो बरहेट से हेमंत सोरेन के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
हालांकि असम के सीएम और झारखंड चुनाव के भाजपा सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "मंडल मुर्मू हमारे लिए प्रचार करने या वोट पाने के लिए हमारी पार्टी में शामिल नहीं हुए। वह राजनेता भी नहीं हैं। मंडल मुर्मू का हमारी पार्टी में योगदान का मतलब है कि हमें सिद्धो-कान्हो, फूलो झानो का आशीर्वाद मिला है..."
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, "मंडल मुर्मू भगवा पार्टी में शामिल हो गए हैं और वह पूरे संथाल परगना क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। यह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए बड़ी शर्मिंदगी की बात है।"
ये भी पढ़ें- हरियाणा का सफल मॉडल झारखंड में लेकर आई भाजपा, बस नाम बदलकर उसी योजना से महिलाओं-युवाओं को लुभाने की कोशिश
27 अक्टूबर को JMM ने मंडल मुर्मू के अपहरण का लगाया था आरोप
27 अक्टूबर को जेएमएम ने मंडल मुर्मू के अपहरण का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस की एक टीम ने उनके वाहन का पीछा किया और उन्हें लगभग 45 मिनट तक हिरासत में रखा। घटना ने तूल पकड़ लिया, जिसके कारण राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) और सीईसी राजीव कुमार ने चुनाव संबंधी वर्चुअल मीटिंग के दौरान इस घटना को लेकर झारखंड के मुख्य सचिव और डीजीपी को फटकार लगाई।
मंडल मुर्मू ने पहले इस बात से इनकार किया था कि उनका अपहरण किया गया था या उन्हें जबरन कहीं ले जाया जा रहा था। घटना के बाद उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस से कहा था, ''सिर्फ इसलिए कि मैं सीएम सोरेन का प्रस्तावक हूं, इसका मतलब यह नहीं है कि मैं यात्रा नहीं कर सकता या किसी से मिल नहीं सकता।''












Click it and Unblock the Notifications