'फोन पर पीएम ने सिर्फ अपने मन की बात की, बेहतर होता अगर वो काम की बात करते'
झारखंड के सीएम हेमंत सोरन ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर क्या बातचीत की...
रांची, 07 मई: कोरोना वायरस की दूसरी लहर से देश के ज्यादातर राज्यों में जबरदस्त कोहराम मचा हुआ है। हर रोज बढ़ रही मरीजों की संख्या के बीच अस्पताल और मेडिकल सेवाएं भी चरमरा गई हैं। कोरोना वायरस के हालात को लेकर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और झारखंड के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। हालांकि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस बातचीत के बाद कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोई काम की बात ना कर, केवल अपने मन की बात की।
Recommended Video

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर हुई बातचीत के बाद झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट करते हुए कहा, 'आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने फोन किया। उन्होंने सिर्फ अपने मन की बात की। बेहतर होता यदि वो काम की बात करते और काम की बात सुनते।' गौरतलब है कि झारखंड में भी कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। गुरुवार को राज्य में कोरोना वायरस के 6,974 नए मरीज मिले। झारखंड स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इस दौरान कुल 88,695 लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट किया गया।

'कोरोना वायरस की तीसरी लहर का भी आना तय'
इससे पहले पीएम मोदी ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कोरोना वायरस के हालात की समीक्षा की। पीएम मोदी ने इस बैठक में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के अलावा कई जरूरी दिशा-निर्देश दिए। आपको बता दें कि देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच विशेषज्ञों ने तीसरी लहर की भी आशंका जताई है। केंद्र सरकार के मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि जिस रफ्तार से कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ रहा है, उसके आधार पर यह कहा जा सकता है कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर का भी आना तय है। हालांकि इस तीसरी लहर के आने के समय को लेकर अभी कुछ नहीं बताया गया है।












Click it and Unblock the Notifications