Jharkhand Chunav 2024:दूसरे चरण की 38 सीटों पर मतदान से क्यों खुश हो रही होगी BJP?
Jharkhand Election 2024 News: झारखंड में बुधवार 20 नवंबर,2024 को खनन और उद्योगों वाले इलाकों की 38 सीटों पर वोटिंग हुई। 81 सीटों में से पहले चरण में 43 सीटों पर 13 नवंबर को ही मतदान हो चुका था। अगर लोकसभा चुनावों के नतीजों को पैटर्न मानकर देखें तो जिन 38 सीटों पर दूसरे दौर में मतदान हुआ है, वहां भाजपा की अगुवाई वाले गठबंधन एनडीए को बड़ी बढ़त हासिल हो सकती है। हालांकि, यह विधानसभा चुनाव है और तब से लेकर अबतक सियासी परिस्थितियां बहुत ही बदल चुकी हैं।
लोकसभा चुनावों में जेएमएम की अगुवाई वाले इंडिया ब्लॉक या महागठबंधन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की केंद्रीय एजेंसी के हाथों गिरफ्तारी और 'बीजेपी संविधान बदल देगी','आरक्षण खत्म कर देगी' वाले नैरेटिव के आधार पर चुनाव लड़ा था। सोरेन की गिरफ्तारी पर सहानुभूति बटोरने के लिए उनकी पत्नी कल्पना सोरेन को भी राजनीति में लॉन्च किया गया था। महिलाओं के खातों में कांग्रेस ने हर महीने खटाखट 8,000 रुपए डालने का वादा भी किया था।

झारखंड विधानसभा चुनावों के बड़े मुद्दे
अब विधानसभा चुनावों में हेमंत सोरेन के पास 'मैया सम्मान योजना' जैसा हथियार है तो उसके अलावा उनकी सहयोगी कांग्रेस ने भी फिर से वादों का पिटारा खोला है। जेएमएम और कांग्रेस के वादों की काट के तौर पर भाजपा ने'गोगो दीदी योजना' शुरू करने का दावा किया है।
साथ ही बांग्लादेशी घुसपैठियों की ओर से आदिवासियों की जमीनें हड़पने और इलाके की जनसांख्यिकी बदलने की साजिश रचने को भी बड़ा मुद्दा बनाया है। बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए के पास जेएमएम सरकार और सीएम के खिलाफ भ्रष्टाचार और एंटी इंकंबेंसी जैसा भी मुद्दा है, जिसे चुनाव अभियान का हिस्सा बनाया है।
लोकसभा चुनावों में बीजेपी-एनडीए को मिली थी भारी बढ़त
वैसे हम अगर इन 38 सीटों पर पिछले लोकसभा चुनावों के नतीजों को देखें तो बीजेपी और एनडीए का पलड़ा काफी भारी नजर आ रहा है। वहीं जेएमएम,कांग्रेस,आरजेडी और सीपीआई (एमएल) गठबंधन की हालत पतली नजर आती है।
तब इन 38 सीटों में एनडीए को 24 विधानसभा सीटों में बढ़त मिली थी,वहीं इंडिया ब्लॉक 12 सीटों पर ही सिमट गया था। 24 सीटों में अकेले 21 सीटों पर बीजेपी आगे रही थी और उसका वोट शेयर 39.7% रहा था। वहीं, उसकी सहयोगी आजसू (AJSU) ने 3 विधानसभा सीटों में बढ़त हासिल की थी और उसे 5.4% वोट मिले थे।
वहीं, जेएमएम को 9 सीटों पर बढ़त हासिल हुई थी और उसका वोट शेयर 18.4% रहा था। जबकि, कांग्रेस को सिर्फ 3 विधानसभा सीटों पर ही बढ़त मिली थी और उसे 16.3% वोट मिले थे। अन्य को 2 सीटों पर बढ़त मिली थी और उन्हें 16% मत प्राप्त हुए थे। लेफ्ट को 4.2% वोट आए थे।
Recommended Video
लोकसभा चुनावों में झारखंड की 81 विधानसभा में से 50 पर एनडीए को बढ़त
इसी तरह से झारखंड की जिन 43 सीटों पर 13 नवंबर को विधानसभा चुनाव करवाए गए हैं, पिछले लोकसभा चुनावों में उनमें से 26 सीटों पर भाजपा या एनडीए को बढ़त मिली थी और इंडिया ब्लॉक मात्र 17 सीटों पर ही बढ़त बना सका था। इनमें जेएमएम 12 और कांग्रेस 5 सीटों पर आगे रही थी।
इन 43 सीटों में लोकसभा चुनावों में बीजेपी या एनडीए का वोट शेयर 50.3% रहा था तो जेएमएम को 22.4% और कांग्रेस को 11.3% वोट मिले थे। वहीं इनकी सहयोगी आरजेडी को 5.5% वोट आए थे।
इसे भी पढ़ें- 'हम 51 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे', दूसरे चरण के मतदान से पहले ही बाबूलाल मरांडी का दावा
इस तरह से दोनों चरणों को अगर लोकसभा के चुनावी पैटर्न के आधार पर देखें तो 81 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी की अगुवाई वाला एनडीए 50 सीटों पर आगे रहा था, जबकि इंडिया ब्लॉक सिर्फ 29 सीटों पर ही सिमट गया था।












Click it and Unblock the Notifications