निशिकांत दुबे ने JMM पर 'वोट के लिए नोट' देने का लगाया आरोप, वीडियो शेयर कर चुनाव आयोग को बताया 'पंगु'
Jharkhand Assembly Election: झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज, 20 नवंबर को मतदान किया जा रहा है। इसी बीच भारतीय बनता पार्टी (बीजेपी) सांसद निशिकांत दुबे ने एक वीडियो शेयर करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दुबे का दावा है कि झामुमो के उम्मीदवार लोगों को पैसे बांट कर वोट खरीद रहे हैं।
इलेक्शन कमीशन को टैग करते हुए निशिकांत दुबे ने लिखा,'चुनाव आयोग, यह है झारखंड का मधुपुर विधानसभा झामुमो सरकार के मंत्री हफीज का भाई खुलेआम पैसे बांट रहा है, आपने झामुमो के एजेंट अधिकारियों पर कृपा कर यह तमाशा पूरे झारखंड में कर दिया। पहली बार झारखंड में चुनाव आयोग पंगु नजर आ रहा है।"

शेयर किया गया वीडियो रात का होने की वजह से पूरी तरह अंधेरे में डूबा हुआ है। वीडियो में ना लोगों की ना ही गाड़ी और गाड़ी के नंबर की पहचान हो पा रही है। केवल शोर सुनाई दे रहा है जिसमें कुछ लोग 'मारो रे', 'भागो रे' कहते सुने जा सकते हैं। वीडियो शेयर करते हुए निशिकांत दुबे ने झामुमो पर गंभीर आरोप लगाए हैं साथ ही इलेक्शन कमीशन पर एक्शन न लेने का भी आरोप लगाया है।
चुनाव आयोग @ECISVEEP यह है झारखंड का मधुपुर विधानसभा झामुमो सरकार के मंत्री हफ़ीज़ का भाई खुलेआम पैसे बॉंट रहा है,आपने झामुमो के एजेंट अधिकारियों पर कृपा कर यह तमाशा पूरे झारखंड में कर दिया ।पहली बार झारखंड में चुनाव आयोग पंगु नज़र आ रहा है pic.twitter.com/fUqy8BThQQ
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) November 20, 2024
12 जिलों में 14,218 पोलिंग बूथ
झारखंड में दूसरे और अंतिम चरण के लिए वोट डाले जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि झारखंड चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 38 विधानसभा सीटों के लिए बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान चल रहा है। 12 जिलों के 14,218 बूथों पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि 31 बूथों पर मतदान शाम चार बजे समाप्त हो जाएगा, हालांकि उस समय कतार में खड़े लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
दुसरे चरण में 528 उम्मीदवार मैदान में
सत्तारूढ़ झामुमो के नेतृत्व वाला इंडिया गुट अपनी कल्याणकारी योजनाओं के दम पर सत्ता बरकरार रखना चाहता है, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) इसे हासिल करने की कोशिश कर रहा है। अधिकारियों ने कहा कि 60.79 लाख महिलाओं और 147 तीसरे लिंग के मतदाताओं सहित कुल 1.23 करोड़ मतदाता बुधवार को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। मुख्यमंत्री और झामुमो नेता हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और विपक्ष के नेता भाजपा के अमर कुमार बाउरी सहित कुल मिलाकर 528 उम्मीदवार दूसरे चरण के चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications