Jharkhand Election: झारखंड CM को लेकर कांग्रेस नेता ने बता दिया फॉर्मूला, सीटों के साथ ठोका कुर्सी पर भी दावा
Jharkhand Assembly Election 2024: हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के चुनावों के रिजल्ट के बाद जल्द ही झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान की संभावना है। झारखंड में आगामी चुनावों को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। इंडिया गठबंधन के तहत झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस दोनों एक साथ चुनाव लड़ेंगी। लेकिन इससे पहले झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर के मुख्यमंत्री को लेकर दिए एक बयान से सूबे की सियासत गरमा गई है।
झारखंड के हालिया राजनीतिक घटनाक्रम में अब कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री को लेकर अपना दावा ठोका है। दरअसल, राज्य कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने पार्टी की एक बैठक में साफ कहा कि अगर कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनावों में 25 से 30 सीटें जीतने में सफल होती है, तो वह अपना खुद का मुख्यमंत्री बनाने का प्रयास करेगी।

इसके अलावा उन्होंने पार्टी की सीटों की संख्या उम्मीदों से ज्यादा होने पर रोटेशनल मुख्यमंत्री की कुर्सी की आकांक्षाओं का भी संकेत दिया। राज्य प्रभारी का यह बयान मौजूदा सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर हलचल पैदा करने वाला है।
पार्टी नेता मीर ने यह बयान संवाद कार्यक्रम के दौरान दिया, जहां ब्लॉक अध्यक्षों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न पार्टी नेताओं के साथ चर्चा की गई थी। इस कार्यक्रम में गुलाम अहमद मीर और डॉ. रामेश्वर उरांव के अलावा छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे।
कांग्रेस का भी मुख्यमंत्री होना चाहिए-मीर
बैठक में पार्टी नेताओं के अंदर जोश भरते हुए गुलाम अहमद मीर ने कहा कि कई स्तर से मांग उठी है कि कांग्रेस का भी मुख्यमंत्री होना चाहिए। यह तभी हो सकता है, जब कांग्रेस को उस के मुताबिक सीटें हासिल हो। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से ज्यादा से ज्यादा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
मीर के बयान पर क्या बोले रामेश्वर उरांव?
हालांकि बाद में कांग्रेस राज्य प्रभारी के बयान पर जब मीडिया ने पूछा तो कांग्रेस विधायक दल के नेता डॉ. रामेश्वर उरांव ने दावा करते हुए कहा कि यह सब बातें कार्यकर्ताओं में जोश भरने के मकसद से की गई थी। लेकिन अगर सच मानें तो कांग्रेस नेता का यह बयान झामुमो और सीएम हेमंत सोरेन के लिए टेंशन बढ़ाने वाला हो सकता है।बता दें कि झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटें हैं, जिस पर इस साल के अंत में चुनाव होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications