'महिलाओं को 2,100 रुपये हर महीने, 2 मुफ्त सिलेंडर', अमित शाह ने झारखंड भाजपा का संकल्प पत्र किया जारी
BJP manifesto Sankalp Patra: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा का संकल्प पत्र यानी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। रांची में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक कार्यक्रम में पार्टी का 'संकल्प पत्र' (घोषणापत्र) जारी किया। इस मौके पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, संजय सेठ, भाजपा झारखंड अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी मौजूद रहे।
अमित शाह ने कहा, "झारखंड का ये चुनाव ना केवल सरकार बदलने का चुनाव है बल्कि झारखंड का चुनाव झारखंड का भविष्य सुनिश्चित करने का चुनाव है। झारखंड की महान जनता ने तय करना है कि आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई सरकार चाहिए या विकास के रास्ते पर पीएम मोदी के नेतृत्व में चलती हुई भाजपा सरकार चाहिए।''

ये भी पढ़ें- BJP ने लिया झारखंड की 'रोटी, बेटी और माटी' को बचाने का संकल्प! क्यों हेमंत सरकार में खतरे में है आदिवासी?
अमित शाह ने कहा, ''घुसपैठ कराकर झारखंड की अस्मिता रोटी, बेटी, माटी तीनों को खतरे में डालने वाली सरकार चाहिए या परिंदा भी पैर ना मार सके ऐसी सरहद की सुरक्षा करने वाली भाजपा सरकार चाहिए।"
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024: BJP के 'चुनावी संकल्प पत्र' में क्या-क्या है?
- BJP के 'चुनावी संकल्प पत्र' में झारखंड के 25 साल पर भाजपा के 25 संकल्प का जिक्र है। इसमें गोगो दीदी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2,100 मिलेंगे।
- लक्ष्मी जोहार योजना के तहत 500 में गैस सिलेंडर देने का वादा। साल में दो सिलेंडर बिल्कुल मुफ्त देने का वादा।
- BJP के 'चुनावी संकल्प पत्र' में युवाओं को करियर में मदद के लिए 2 वर्षों तक प्रति माह 2,000 की प्रोत्साहन राशि देने का वादा किया गया है।
- 21 लाख परिवारों को अपना पक्का घर देने का वादा किया गया है। इसके साथ ही मुफ्त बालू और नल कनेक्शन का उपहार भी दिया जाएगा।
- भाजपा सरकार बनते ही घुसपैठियों को रोकने और कब्जाई गई जमीनों को वापस लौटाने के लिए सख्त कानून लागू होगा।
- महिलाओं के लिए सिर्फ ₹1 की स्टांप ड्यूटी की जाएगी। यानी जमीन रजिस्ट्रेशन के लिए महिलाओं को सिर्फ एक रुपये स्टांप ड्यूटी देनी होगी।
- भाजपा ने वादा किया है कि बीएड, नर्सिंग और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की सरकारी संस्थानों में मुफ्त शिक्षा मिलेगी। वहीं निजी संस्थानों में ट्यूशन फीस भी माफ की जाएगी।
'हेमंत सोरेन PM मोदी से 1 लाख करोड़ का हिसाब मांग रहे थे, मैं लेकर आया हूं हिसाब'
अमित शाह ने कहा, ''हेमंत सोरेन पीएम मोदी से 1 लाख करोड़ का हिसाब मांग रहे थे। मैं हिसाब लेकर आया हूं, अगर हिम्मत है तो इसका जवाब झारखंड की जनता दीजिए। जिस कांग्रेस और लालू प्रसाद की गोदी में आप बैठे हैं उनकी UPA सरकार ने 2004 से 2014 तक झारखंड को 10 साल में 84 हजार करोड़ देने का काम किया था। पीएम मोदी ने 2014 से 2024 के बीच में 3 लाख 8 हजार करोड़ रुपया झारखंड देने का काम किया।"
अमित शाह ने कहा, ''बेरोजगारी और पेपर लीक से त्रस्त युवा आज भाजपा के साथ अपना भविष्य ढूंढ रहे हैं। भ्रष्टाचार से गरीबों के हक का धन अपने चेले-चपाटों में बांटने वाली सरकार की जगह गरीब का कल्याण करने वाली सरकार को झारखंड की जनता ढूंढ रही है, इसलिए भाजपा आज एक चुनावी संकल्प पत्र लेकर आई है।''
अमित शाह ने कहा, ''आज फिर से भाजपा नई उम्मीद के साथ झारखंड की जनता के पास जा रही है कि हम झारखंड के विकास, सुरक्षा, भ्रष्टाचार के उन्मूलन और प्रदेश को विकास की ओर बढ़ाने के लिए काम करेंगे।''












Click it and Unblock the Notifications