झारखंड में गृह विभाग ने की लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू, पुलिस मुख्यालय ने जारी किये खास निर्देश
Jharkhand: झारखंड सरकार का गृह विभाग, पुलिस आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारी में जुट चुकी है। राज्य के पुलिस मुख्यालय ने सभी एसपी को चुनाव संबंधित प्रशिक्षण के लिए अपने जवानों को तैयार करने का आदेश दिया है। प्रशिक्षण संबंधित आदेश, निर्देश और एसओपी की कॉपी भी सभी जिलों को प्रेषित की गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक डीजीपी ने अपने सभी प्रशिक्षण केंद्रों के प्रभारी, सभी जिलों के एसएसपी-एसपी, इकाई प्रमुखों को जारी निर्देश में बताया है कि लोकसभा चुनाव स्वच्छ, निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में कराया जाना है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली से बल प्रतिनियुक्ति को ले जारी मैनुअल के तहत ही ट्रेनिंग पर जोर दिया जा रहा है।
प्रतिनियुक्त जवानों को लोकसभा चुनाव में मतदानकर्मियों की सुरक्षा से लेकर बूथ की निगरानी तक की रणनीति से परिचित कराया जाएगा। उन्हें मतदान सामग्री की सुरक्षा, असामाजिक तत्वों, उपद्रवियों से निपटने के तरीके से भी सिकाहये जाएंगे। मतदाताओं को असुविधा न हो, उन्हें कोई मतदान से वंचित न कर पाए, उन्हें अपने पक्ष में मतदान के लिए कोई दबाव बनाए, तो इस स्थिति में लोगों से कैसे निपटना है, वह भी बताया जाएगा।
बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद बल की प्रतिनियुक्ति पर विचार होगा। कितने चरण में चुनाव होगा? कितने बल की आवश्यकता होगी? इन सभी बिंदुओं पर मंथन होगा, इससे भारत निर्वाचन आयोग को अवगत कराया जाएगा। झारखंड पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय से पत्राचार करने के बाद ही बल की प्रतिनियुक्ति पर अंतिम रूप से निर्णय होगा।
यह भी पढ़ें झारखंड के CM हेमंत सोरेन को ED ने फिर भेजा समन, 27 से 31 जनवरी के बीच पेश होने को कहा












Click it and Unblock the Notifications