ED के समन के खिलाफ हेमंत सोरेन ने दायर की याचिका,10.30 बजे होगी सुनवाई
प्रवर्तन निदेशालय ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बुधवार की रात को गिरफ्तार कर लिया। हेमंत सोरेन को कथित जमीन घोटाला केस में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी से पहले हेमंत सोरेन ईडी की टीम के साथ राजभवन पहुंचे और यहां उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
जिसके बाद ईडी की टीम ने हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद हेमंत सोरेन का मेडिकल चेकअप कराया गया। ईडी की गिरफ्तारी के बाद हेमंत सोरेन ने झारखंड हाई कोर्ट में ईडी के समन के खिलाफ याचिका दायर की है। इस याचिका पर कोर्ट सुबह 10.30 बजे सुनवाई करेगा।

झारखंड हाई कोर्ट ने हेमंत सोरेन की याचिका को स्वीकार करते हुए इसपर सुनवाई के लिए इसे सूचिबद्ध कर लिया है। कोर्ट में सुनवाई सुबह 10.30 बजे होगी। इस याचिका की सुनवाई जस्टिस अनुभा रावत चौधरी की अदालत में कोर्ट नंबर 2 में होगी।
बता दें कि हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने के बाद ईडी की टीम उन्हें प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर लेकर गई। यहां उनसे मिलने के लिए पत्नी कल्पना सोरेन भी पहुंची। बता दें कि कल्पना झारखंड मुक्ति मोर्चा की विधायक होने के साथ प्रदेश सरकार में मंत्री भी हैं।
गौर करने वाली बात है कि हेमंत सोरेन से ईडी ने बुधवार को 8 घंटे तक पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हेमंत सोरेन को ईडी की टीम आज पीएमएलए कोर्ट में पेश करेगी।
वहीं हेमंत सोरेन ने ईडी के चार अधिकारियों के खिलाफ एसटी-एससी थाने में केस दर्ज कराया है। साथ ही अज्ञात लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई गई है। हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ सबूत तैयार करने की कोशिश की गई है ताकि सात साल या उससे अधिक की सजा हो सके।
यही नहीं ईडी ने दिल्ली में हेमंत सोरेन के घर पर भी छापेमारी की थी। जिसपर हेमंत सोरेन का कहना है कि ईडी जानबूझकर उन्हे बिना वजह मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। पूरा परिवार ईडी की इस हरकत की वजह से मानसिक प्रताड़ना का सामना कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications