झारखंडः आश्रम में घुसकर लोगों को बंधक बनाया फिर हथियार के बल पर साध्वी के साथ गैंगरेप
गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां आश्रम में हथियार के बल पर चार लोगों ने साध्वी के साथ गैंगरेप किया है। साध्वी के साथ गैंगरेप की घटना के बाद आश्रम में मौजूद लोग डर के साये में हैं। वहीं इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है। पुलिस ने इस मामले में एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी वाईएस रमेश भी घटनास्थल पर पहुंच पीड़िता से मुलाकात की है।

जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में स्थित आश्रम में सोमवार की देर रात चार अपराधी घर में घुस गए। इसके बाद आश्रम में मौजूद अन्य लोगों को बंधक बनाकर एक 38 वर्षीय साध्वी के साथ गैंगरेप किया। घटना के बाद आश्रम के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मुफस्सिल हरकत में आई औक एक आरोपित को निकट के पसरा गांव से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपित दीपक राणा पूर्व से कई आपराधिक मामले में नामजद रहा है। उसके खिलाफ हत्या का मामला भी कोर्ट में विचाराधीन है। पुलिस आरोपित से सख्ती से पूछताछ कर रही है। दरअसल, सोमवार की देर रात आश्रम में सत्संग के बाद सभी लोग अपने-अपने घर की तरफ निकल रहे थे। इसी दौरान चार लोग हथियार के साथ वहां आ धमके और आश्रम के संचालक पंकज सहित अन्य लोगों को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद बदमाशों ने बोकारो की रहने वाली 38 वर्षीय साध्वी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना की अगली सुबह से ही लोग आश्रम में जुटने लगे। इस घटना को लेकर लोग काफी आक्रोशित हैं। विभिन्न संगठनों के लोगों ने भी इस घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने इस मामले में सभी आरोपितों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की मांग की है, वहीं गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने भी ट्वीट कर सरकार पर हमला किया है। बहरहाल इस मामले में मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी होने से पुलिस ने राहत की सांस ली है।












Click it and Unblock the Notifications