झारखंडः कुएं में मिली मां सहित 3 बच्चों की लाश, मायके वालों ने पति को पीटा
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के सिरबाद गांव में बुधवार को तीन बेटियों के साथ मां की हत्या का दर्दनाक मामला प्रकाश में आया है। खेत में बने एक कुएं से तीन बच्चियों के साथ 30 वर्षीय महिला की लाश बरामद की गई है। शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि जिस कुएं से लाश बरामद हुई, उसकी गहराई केवल 7 फीट है और उसमें मात्र 4 फीट पानी है।

कुएं से शव को निकालने के बाद महिला और दो बच्चियों के मुंह से खून निकलने के निशान पाये गये। इससे सभी की हत्या कर शव को कुएं में डालने की आशंका जाहिर की जा रही है। शवों की शिनाख्त मंझने पंचायत के चिंहुटिया निवासी प्रकाश चौधरी की 30 वर्षीय बेटी रूबी देवी और तीन पुत्रियां, अमृता कुमारी (7 वर्ष), ऋतिका कुमारी (4 वर्ष) और गुंजन कुमारी (2 वर्ष) के रूप में हुई। घटना से आक्रोशित मृतका के परिजनों ने उसके पति दीपू चौधरी को कोडरमा जिले के सतगावां से अगवा कर गावां थाना क्षेत्र के चिहुटीया ले गए।
गांव ले आने के बाद हत्यारोपित पति की बुरी तरह से पिटाई कर दी। इस बीच गावां पुलिस मौके पर पहुंची और दीपू चौधरी को भीड़ से बचाकर थाने ले आई। अगर पुलिस सही समय पर नहीं पहुंचती, तो पिटाई से दीपू की मौत भी हो सकती थी। मृतका रूबी देवी की शादी कोडरमा जिले के सतगावां थानाक्षेत्र के बासोडीह के रहने वाले दीपू चौधरी से हुई थी।
पति पर ही तीनों बेटियों व पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका की मां यमुनी देवी ने बताया कि जबसे उसकी बेटी रूबी देवी को तीसरी बेटी हुई, तब से दामाद उसे बुरी तरह से पीटा करता था। दस दिन पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। मंगलवार दोपहर 3 बजे दीपू चौधरी ने फोन पर बताया कि वह जुआ खेल रहा था। इस बात पर झगड़ा कर उनकी बेटी बच्चियों के साथ कहीं चली गई।
यह जानकारी मिलने पर मायकेवाले चारों को ढूंढने में लग गये, लेकिन कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह मंझने पंचायत के सिराबाद गांव में एक कुएं में तीन बच्चियों और महिला की लाश मिली। लाश मिलने की सूचना मिलते ही मायकेवाले बोलेरो से मृतका के ससुराल चले गए। वहां से मृतका के पति दीपू चौधरी को पकड़कर मारते-पीटते हुए चिहुंटिया ले आए। जहां मृतका की मां व परिजन गुस्से में उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसकी सूचना पुलिस को मिली, तो पुलिस ने वहां पहुंचकर दीपू को भीड़ के चंगुल से बचाकर थाना ले आई। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications