'JMM में अपना दर्द बयां करने के लिए कोई मंच नहीं', चंपई सोरेन ने की BJP में शामिल होने की घोषणा
Champai Soren News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने मंगलवार को घोषणा करते हुए कहा कि वो विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होंगे।
67 वर्षीय आदिवासी नेता चंपई सोरेन का यह आधिकारिक बयान अमित शाह से मुलाकात और असम मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पुष्टि के एक दिन बाद आया है। इसी के साथ पूर्व सीएम ने अपने बयान में कहा कि झामुमो में अपना दर्द बयां करने के लिए कोई मंच नहीं है।

उन्होंने पहले संकेत दिया था कि वह विधानसभा चुनाव से पहले एक नई राजनीतिक पार्टी बना सकते हैं। दो दशकों से अधिक समय तक झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े रहे पूर्व सीएम ने कहा कि झामुमो में ऐसा कोई फोरम/मंच नहीं है, जहां वह अपना दर्द बयां कर सकें।
अपने लंबे चौड़े एक्स पोस्ट में चंपई सोरेन ने कई मुद्दों पर खुलकर बात की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा,"मुझसे सीनियर नेता स्वास्थ्य कारणों से राजनीति से दूर हैं। आज बांग्लादेशी घुसपैठ बहुत बड़ी समस्या बन चुका है। जमीनों पर ये घुसपैठिए कब्जा कर रहे हैं। इनकी वजह से फूलो-झानो जैसी वीरांगनाओं को अपना आदर्श मानने वाली हमारी माताओं, बहनों व बेटियों की अस्मत खतरे में है।
'घुसपैठियों को अगर रोका नहीं गया, तो...'
चंपई सोरेन ने आगे कहा, "आदिवासियों एवं मूलवासियों को आर्थिक तथा सामाजिक तौर पर तेजी से नुकसान पहुंचा रहे इन घुसपैठियों को अगर रोका नहीं गया, तो संथाल परगना में हमारे समाज का अस्तित्व संकट में आ जायेगा। पाकुड़, राजमहल समेत कई अन्य क्षेत्रों में उनकी संख्या आदिवासियों से ज्यादा हो गई है। राजनीति से इतर, हमें इस मुद्दे को एक सामाजिक आंदोलन बनाना होगा, तभी आदिवासियों का अस्तित्व बच पाएगा।"
इसलिए किया BJP से जुड़ने का फैसला?
उन्होंने बीजेपी का समर्थन करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर सिर्फ भाजपा ही गंभीर दिखती है और बाकी पार्टियां वोटों की खातिर इसे नजरअंदाज कर रही है। इसलिए आदिवासी अस्मिता एवं अस्तित्व को बचाने के इस संघर्ष में, मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आस्था जताते हुए भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने का फैसला लिया है।












Click it and Unblock the Notifications