आदिवासी अधिकारों की उपेक्षा पर चंपई सोरेन ने हेमंत सरकार को घेरा, बताया BJP में क्यों हो रहा हूं शामिल
Champai Soren: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन बुधवार 28 अगस्त को दिल्ली से रांची पहुंच गए हैं। चंपई सोरेन ने कहा कि 30 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होंगे। पार्टी में शामिल होने के बाद पार्टी मुझे जो भी भूमिका देगी, मैं उसे निभाऊंगा।
झारखंड के पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा, अभी हमारे पास आगे की योजना नहीं है। 30 तारीख को मैं भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो जाऊंगा। यह देश की सबसे बड़ी पार्टी है। पार्टी मुझे जो भी भूमिका देगी, मैं उसे निभाऊंगा।

उन्होंने कहा कि हम झारखंड के लोगों की मदद के लिए कदम उठाएंगे, साथ ही आदिवासियों के विकास के लिए भी काम करेंगे, जो बांग्लादेशी घुसपैठ के कारण खतरे में हैं। मैं हर समय संघर्ष करके आगे बढ़ा हूं। मैं इस राज्य के विकास और आदिवासियों के अस्तित्व को बचाने के लिए बीजेपी में शामिल हो रहा हूं।
ऐसी खबर है कि कि चंपई सोरेन आज ही मंत्री पद और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने 26 अगस्त की रात असम के मुख्यमंत्री और झारखंड बीजेपी के चुनाव सह-प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा के साथ नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
इसमें उनके बीजेपी में शामिल होने पर सहमति बनी थी। इसके पहले चंपई सोरेन ने 18 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर कहा था कि झामुमो में उनका अपमान हुआ। जिस तरह से उनसे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा लिया गया, उससे वह आहत हैं। चंपई सोरेन 30 अगस्त को रांची में आयोजित होने वाले एक वृहत कार्यक्रम में बीजेपी में औपचारिक तौर पर शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications