डुमरी उपचुनाव: JMM की कैंडिडेट बेबी देवी जीतीं, AJSU की यशोदा देवी को हराया
झारखंड के डुमरी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का परिणाम आ चुका है। डुमरी सीट पर इंडिया गठबंधन समर्थित झामुमो प्रत्याशी बेबी देवी ने जीत हासिल की है। उन्होंने एनडीए समर्थित आजसू प्रत्याशी यशोदा देवी को 17 हजार वोटों से हराया।
जगरनाथ महतो के निधन के बाद डुमरी विधानसभा से चुनाव लड़ रही बेबी देवी ने 17 हजार से अधिक वोटों से आजसू उम्मीदवार यशोदा देवी को हराया। बेबी देवी को 22वें राउंड में 93306 वोट मिले हैं, जबकि यशोदा देवी को 78033 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं AIMIM उम्मीदवार को 3419 वोट मिले हैं।

आज जब सुबह मतगणना शुरू हुई तो एनडीए की यशोदा देवी और जेएमएम की बेबी देवी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। 14 राउंड तक एनडीए उम्मीदवार ने बेबी देवी को कड़ी टक्कर दी। 15वें राउंड के बाद बेबी देवी ने रफ्तार पकड़ी और धीरे-धीरे वोटों के फासले को कम कर दिया।
15वें राउंड से उन्होंने 1500 से ज्यादा वोटों से बढ़त बनानी शुरू की और अंत में 17 हजार से ज्यादा मतों से जीत का परचम लहराया। पांच सितंबर मंगलवार को इस सीट के लिए मतदान हुए थे। 64.84 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
इस उपचुनाव में झामुमो से बेबी देवी , आजसू से यशोदा देवी , एआईएमआईएम से मौलाना मोबिन रिजवी और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर कमल प्रसाद साहू, नारायण गिरि व रौशनलाल तुरी चुनावी मैदान में उतरे थे। बिशनपुर पचंबा के कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में 16 टेबलों पर 24 राउंड में मतगणना हुई।
दिवंगत मंत्री जगरनाथ महतो के निधन के उपरांत हो रहे इस उपचुनाव में उनकी पत्नी को इंडिया गठबंधन की झामुमो प्रत्याशी बनाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications