धनबादः पानी भरने से नहीं दिखी सड़क और तालाब में जा घुसी कार, दो लोगों की मौत
धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला गौशाला मुक्तिधाम घाट में पानी में तैरते हुए दो शव बरामद हुए, जिसके चलते इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना को लेकर बताया गया कि गांधी नगर निवासी बबन दीवान की बीते गुरुवार को मौत हो गई थी। परिजन उनके अंतिम संस्कार के लिए बस्ताकोला गौशाला पहुंचे हुए थे। इसी दौरान कार सवार दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार की देर शाम को क्रेन के जरिये कार को बाहर निकाला गया।

कार से दो लोगों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान गांधी नगर के रहने वाले विशेश्वर दास और सिद्धार्थ सन्याल के रूप में हुई है। बता दें कि चक्रवाती तूफान के चलते धनबाद में लगातार बारिश हो रही है। इसके सड़कों पर पानी भर गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी के चलते सड़क दिखाई नहीं दी और कार गलती से तालाब में चली गई, जिसके चलते कार में सवार दो लोगों की डूबने से मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी झरिया थाना को दी। इसके बाद थानेदार पंकज कुमार झा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुचे। फिर क्रेन को मंगाकर कार को तालाब से बाहर निकाला गया। कार से दोनों सवार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं मूसलाधार बारिश से बीसीसीएल एरिया-9 के घनुडीह प्रोजेक्ट कार्यालय का दो मंजिला भवन भरभरा कर ढह गया। इस हादसे में वहां मौजूद दो गार्ड जख्मी हो गए। दोनों को बीसीसीएल सेंट्रल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं घानुवाडीह दुर्गापुर बस्ती में तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई। इससे रात भर लोग खौफ में रहे।












Click it and Unblock the Notifications