जज उत्तम आनंद मर्डर केसः CBI ने हाईकोर्ट में कहा- जानबूझकर ऑटो से मारी गई थी टक्कर
रांची। गुरुवार को रांची हाईकोर्ट में धनबाद के जज उत्तम आनंद की हत्या के मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान सीबीआई के जॉइंट डायरेक्टर ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि सीबीआई हर एंगल पर जांच कर रही है। अभी जांच जारी है और किसी भी एंगल को नहीं छोड़ा जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पकड़े गए दो आरोपितों में से एक आरोपित प्रोफेशनल मोबाइल चोर है। वह जांच एजेंसी को हर बार नई कहानी सुनाकर गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। लेकिन सीबीआई के 20 ऑफिसर उससे कड़ाई से पूछताछ कर रहे हैं। अब बिल्कुल स्पष्ट हो गया है कि जज को जानबूझकर टक्कर मारी गई थी।

इसकी साजिश करने वालों तक जल्द सीबीआई पहुंच जाएगी। बता दें कि पिछले सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सीबीआई जांच पर नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने सीबीआई के जोनल डायरेक्टर को कोर्ट में हाजिर होने का निर्देश दिया था। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा था कि सीबीआई हर सप्ताह प्रगति रिपोर्ट दे रही है लेकिन उसमें कुछ भी नया नहीं है। बीते 29 जुलाई को इस मामले में लखन वर्मा और राहुल वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
16 सितंबर को अदालत ने कहा था कि परिस्थितियां बयां कर रही हैं दिनदहाड़े एक न्यायिक अधिकारी की हत्या की गई है। हमें रिजल्ट चाहिए सिर्फ रिपोर्ट से काम नहीं चलेगा। सीबीआई अभी भी केवल दो लोगों से आगे नहीं बढ़ सकी है। ऑटो चालक ने धक्का मारकर जज की हत्या क्यों की, यह मिस्ट्री अभी तक हल क्यों नहीं हो सकी है।
बता दें कि जज उत्तम आनंद होटवार जेल में बंद गैंगस्टर सहित 15 बड़े अपराधियों के मामले की सुनवाई कर रहे थे। उनके पास लंबित केसों में हाई प्रोफाइल मर्डर और आदतन अपराधियों के मुकदमे भी शामिल ते। उन्होंने दो मामलों में दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। पोस्टमार्टम में जज उत्तम आनंद के सिर पर भारी चीज से चोट के निशान मिले थे।












Click it and Unblock the Notifications