चतराः शिव चर्चा से पहले घर में निकला जहरीला सांप तो महिला ने भगवान समझ गले में लपेटा, हो गई मौत
चतरा। झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड के एक घर में अंधविश्वास का हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है, जहां घर में शिव चर्चा का आयोजन था। इसमें शामिल होने के लिए महिला तैयार होकर अपने घर से निकल ही रही थी कि इसी दौरान कहीं से एक जहरीला सांप निकल आया। सांप के देखकर घर में हड़कंप मच गया। लेकिन महिला ने ये माना कि शिव चर्चा से पहले उसके घर में साक्षात भगवान आए हैं। अंधविश्वास के चलते उसने सांप को पकड़ा और गले में लपेट लिया व फिर पूजा में बैठ गई। इस दौरान सांप ने उसे कई बार डंस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
Recommended Video

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह मामला रक्शी गांव का है। सांप के काटने से जिस महिला की मौत हुई उसका नाम रुनिया देवी था। वह इसी गांव के निवासी लालदेव भुइयां की पत्नी थी। कुछ गांव वालों ने बताया कि पूजा के दौरान गले में सांप लपेटकर बैठी रुनिया देवी को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी।
सांप के साथ वह भजन-कीर्तन करती रही और इस दौरान गांव वाले भी ढोल बजाकर महिला का साथ देते रहे। भजन-कीर्तन के दौरान ही जहरीले सांप ने महिला को कई जगह डस लिया। पूजा-पाठ में मग्न हुए लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। जहरीले सांप का जहर जब महिला के शरीर में असर दिखाने लगा, तो पूजा के दौरान ही रुनिया देवी अचानक अचेत होकर गिर पड़ीं।
तब आनन-फानन में गांव के ही किसी झाड़-फूंक करने वाले को बुलाया गया। लेकिन किसी ने महिला को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश नहीं की। जब तक सांप का जहर उतारने का प्रयास किया जाता, उसके पहले ही महिला की मृत्यु हो गई। इस घटना के चश्मदीद ग्रामीणों ने कहा कि अगर समय पर रुनिया देवी को अस्पताल पहुंचाया जाता तो हो सकता था कि उसकी जान बच जाती।












Click it and Unblock the Notifications