झारखंडः चाईबासा में भूत-प्रेत के चक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या
चाईबासा। झारखंड के चाईबासा जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र में लोढ़ाई के रोवाउली गांव के पास हातनादा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मां-बेटे सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव गांव के पास जंगल में फेंक दिया गया। जिले के एसपी अजय लिंडा ने घटना की पुष्टि की है। घटनास्थल अति नक्सल प्रभावित इलाके में है, जिसके चलते सूचना के दो दिन बाद भी पुलिस पीड़ितों के पास पहुंच तक नहीं पाई है।

एसपी के मुताबिक घटना चाईबासा और खूंटी जिला के सीमावर्ती क्षेत्र में है। वहीं ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक परवतिया भक्ताइन झाड़फूंक का काम करती थी। उनके पास दूसरे गांव के लोग भी झाड़फूंक कराने आते थे। शुक्रवार की रात को उनके पास कुछ लोग झाड़फूंक कराने आए थे। इस दौरान भक्ताइन, उसके बेटे जतरू और रिश्तेदार बेंगा की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इसके बाद तीनों के शव को जंगल में फेंक दिया गया।
वहीं पाकुड़ जिले में डायन के शक में अधेड़ महिला की हत्या कर उसकी लाश को 6 टुकड़े में काटकर अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के पचुवाड़ा रांगाटोला गांव के पास बांसलोई नदी के बालू में दफना दिया। पुलिस ने 12 दिनों के बाद शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भाटीकांदर गांव की सोना मरांडी की नृशंस हत्या कर बालू में गाड़ दिया था।












Click it and Unblock the Notifications