Jharkhand: बीजेपी का आरोप- महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में बात कर रहे थे स्वास्थ्य मंत्री, मांगा इस्तीफा
Jharkhand hindi news: बन्ना गुप्ता का वीडियो वायरल होने से झारखंड के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। बीजेपी ने उनका इस्तीफा मांगा है।

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता के एक तथाकथित वीडियो के लीक होने से हड़कंप मच गया, जिसमें वो एक महिला से वीडियो कॉल करते हुए दिखाई दे रहे। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि नहीं हो पाई है। कांग्रेस इसे साजिश बता रही, जबकि इस मामले में बीजेपी ने मंत्री का इस्तीफा मांगा है।
वायरल वीडियो में मंत्री एक महिला से वीडियो कॉल करते दिखाई दे रहे। दूसरी ओर महिला भी आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रही। वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया। मंत्री ने इस वीडियो को फर्जी और एडिटेड बताया है। हालांकि बीजेपी इस मामले में जांच की मांग कर रही।
इस वीडियो का कुछ हिस्सा झारखंड से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने शेयर किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि ये है कांग्रेस का चरित्र, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता जी का ये तथाकथित माजरा है। महिलाओं की इज्जत से खेलना, कांग्रेस कार्यकर्ता सुशील शर्मा का अपने पत्नी को तंदूर में जलाना, काश गांधी परिवार समझ पाता, अगर ये सही है तो कांग्रेस के लिए डूब मरने वाली बात है।
वहीं झारखंड में बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा कि वायरल वीडियो में कथित तौर पर स्वास्थ्य मंत्री को दिखाया गया है। ये अत्याधिक आपत्तिजनक है। हालांकि क्लिप की सत्यता का अभी तक पता नहीं चला है, हम जानना चाहते हैं कि यह असली है या नकली।
उन्होंने आगे कहा कि ये सीएम की जिम्मेदारी है कि वो इस मामले में जांच के आदेश दें। अगर कथित वीडियो सही निकला तो मंत्री को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
वहीं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वो पहले ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करा चुके हैं। ये वीडियो फर्जी है, इसे जानबूझकर एडिट कर वायरल किया जा रहा। इसके पीछे जो हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बीजेपी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।












Click it and Unblock the Notifications