'विनाश काले विपरीत बुद्धि', झारखंड BJP नेताओं समेत 12,000 लोगों पर दर्ज हुआ केस, भड़के बाबूलाल मरांडी
झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की रैली के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ झड़प में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में शनिवार (24 अगस्त) को 51 पहचाने गए व्यक्तियों सहित 12,000 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, विधानसभा में विपक्ष के नेता अमर कुमार बाउरी, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सहित कुछ प्रमुख भाजपा नेताओं के नाम पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस पूरे मामले पर झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन को घेरा है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा- विनाश काले विपरीत बुद्धि
बाबूलाल मरांडी ने कहा, ''विनाश काले विपरीत बुद्धि! सूचना मिली है कि मोराबादी मैदान में आयोजित युवा आक्रोश रैली की सफलता से तिलमिलाकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी ने मुझ पर और भाजपा झारखंड के नेताओं-कार्यकर्ताओं सहित हजारों युवा साथियों के ऊपर मुकदमा दर्ज कराया है।''
बाबूलाल मरांडी ने कहा, 'इस एफआईआर के लिए सोरेन राज घराने के एक्सीडेंटल राजकुमार हेमंत सोरेन जी एवं उनकी ''2020 खतियानधारी दलाल/बिचौलिया" मित्र मंडली का आभार। हेमंत जी, ये केस-मुकदमे हमारे लिए पारितोषिक के समान हैं। जितना जोर लगाना है, लगा दीजिए। जितने केस मुकदमे दर्ज करने हैं, कर दीजिए।''
बाबूलाल मरांडी बोले- झारखंड के साढ़े तीन करोड़ लोगों पर एक साथ मुकदमा दर्ज करवा दीजिए
बाबूलाल मरांडी ने कहा,
''भारतीय जनता पार्टी युवाओं की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक और आंदोलन की रणभूमि से लेकर कोर्ट कचहरी पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। वैसे राजनैतिक विरोधियों पर मुकदमा दर्ज करने का दुरूपयोग करवाने में आप तो विश्व रिकॉर्ड कायम कर चुके हैं। काहे नहीं झारखंड के साढ़े तीन करोड़ लोगों पर एके साथ मुकदमा दर्ज करवा देते हैं? इस कदम से आप अपने कलेजे में जल रही राजनीतिक बदला एवं प्रतिशोध की आग को ठंडा कर लेते। क्या पता, ये मौका आपको दुबारा कभी ना मिले।''
पुरे मामले पर रांची पुलिस ने क्या कहा?
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) चंदन कुमार सिन्हा ने पीटीआई-भाषा को बताया, ''मजिस्ट्रेट के बयान पर रांची के लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।'' उन्होंने कहा कि इन लोगों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। लालपुर पुलिस थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिंह ने कहा, ''51 पहचाने गए व्यक्तियों सहित 12,000 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।''
हेमंत सोरेन सरकार द्वारा किए गए अन्याय और चुनावी वादों को पूरा करने में विफलता के खिलाफ यहां विरोध रैली के दौरान पुलिस और भाजपा युवा विंग के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई, जिन्होंने बैरिकेड्स तोड़ दिए।












Click it and Unblock the Notifications