झांसी: झगड़े के बाद थाना जा रहे दो भाइयों को दबंगों ने गाड़ी से कुचलकर मार डाला
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में दो भाइयों की हत्या की दिल दहलाने वाली वारदात हुई है। दबंगों से झगड़े के बाद दोनों भाई पुलिस थाने में रिपोर्ट लिखाने थाने जा रहे थे कि रास्ते में दबंगों ने उनको गाड़ी से कुचलकर मार डाला। बिजली कनेक्शन को लेकर हुए विवाद में दोनों भाइयों का कत्ल हो गया। हत्या के बाद दबंग मृतकों के घर पर गए और वहां तमंचा लहराते हुए अन्य परिजनों को भी मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिजली को लेकर शुरू हुआ झगड़ा
मामला बबीना थाना क्षेत्र के मुराई गांव का है जहां बिजली कनेक्शन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। नीरज भार्गव और विवेक भार्गव आटा चक्की चलाकर अपना परिवार पाल रहे थे। घटना के बारे में भाई नीलेश भार्गव ने बताया कि उनके बिजली का कनेक्शन खराब हो गया था तो वे अधिशासी अभियंता से इस समस्या को लेकर मिलने गए। वहां अभियंता ने उनको कहा कि वो दूसरे डीपी बॉक्स से बिजली कनेक्शन जोड़ ले। इसके बाद दोनों भाई जब दूसरे बॉक्स से कनेक्शन जोड़ने गए तो वहां दबंगों ने उनको ऐसा करने से रोक दिया।

दबंगों ने पहले की मारपीट
दोनों भाई जब दबंगों के रोकने पर नहीं रुके तो दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया। भाइयों ने कहा कि अभियंता से वे कनेक्शन जोड़ने की स्वीकृति लेकर आए हैं लेकिन दूसरा पक्ष नहीं माना। दबंगों ने दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। झगड़े के बाद दोनों भाइयों ने थाने जाकर रिपोर्ट लिखाने का फैसला लिया लेकिन इसके दबंगों ने हैवानियत की हदें पार कर दी।

दोनों भाइयों को कुचल दिया
दोनों भाई थाने में रिपोर्ट लिखाने बाइक से जा रहे थे कि रास्ते में कोटी चमरुआ के पास दबंगों ने कार से दोनों को कुचलकर मार डाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कहा कि आरोपी दबंगों को तलाश करने के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications