अंधविश्वास: 'आत्मा' के कहने पर नवविवाहिता ने लगा ली आग, मौत से पहले कहा: 'केवल मुझे दिखती है वो'
उत्तर प्रदेश के झांसी में अंधविश्वास से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, इसी 22 जुलाई को यहां एक नवविवाहिता ने खुद को आग के हवाले कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। वहीं छानबीन के दौरान मृतिका के परिजनों ने पुलिस को एक चौंकाने वाला बयान दिया, जिससे पुलिस भी हैरान रह गई। उन्होंने कहा कि नवविवाहिता पर काफी दिनों से भूत प्रेत का साया था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है।
20 वर्षीय नवविवाहिता ने खुद को लगाई आग
बता दें कि घटना जनपद झांसी के टहरौली थानान्तर्गत ग्राम भट्टपुरा की है। जहां 22 जुलाई को 20 वर्षीय नवविवाहिता शिवानी पत्नी नवल किशोर को झुलसी अवस्था में झांसी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की छानबीन में जुट गई।

आत्मा करती थी पीछा, केवल शिवानी को ही दिखती थी
पूछताछ के दौरान मृतका के पति नवन किशोर ने बताया कि शिवानी का मायका ग्राम पिपरा में है। 1 महीने पहले 25 जून को शिवानी और नवल किशोर की शादी हुई थी। नवल किशोर के माता-पिता का काफी समय पहले देहांत हो गया था। नवल अपनी दादी के साथ घर में रहता था। शादी के बाद दूसरी बार शिवानी अपने मायके गई थी। लेकिन इस बार शिवानी कुछ अजीबोगरीब हरकतें करने लगी थी। वह कहती थी कि उसका एक महिला पीछा करती है, जो केवल उसे ही नजर आती है। वह उससे अपने साथ चलने की कहती थी।

तांत्रिक से करवाया इलाज
शिवानी के ऐसा बताने पर परिजन उसे तांत्रिक के पास ले गए। जहां तांत्रिक ने झाड़-फूक के बाद उन्हें बताया कि केवल शिवानी को नजर आने वाली महिला की तीन वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वह उसका पीछा कर रही है। वह कहती है कि शिवानी को दो दिन में ले जाएगी। जिसके बाद इलाज के नाम पर झाड़-फूंक करने के बाद शिवानी को घर लाया गया।

आत्मा के कहने पर लगा ली आग, मौत
परिजनों के अनुसार झाड़-फूंक के बाद शिवानी को वापस ससुराल भेज दिया गया। लेकिन ससुराल पहुंचकर शिवानी ने आग लगा ली। जिससे वह गम्भीर रुप से झुलस गई। उसे फ़ौरन ही उपचार के लिए झांसी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां उसने परिजनों को बताया कि पीछा करने वाली महिला की परछाई ने उससे कहा था कि आग लगा लो तो उसने आग लगा ली है। ये कहने के बाद शिवानी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं जब इस घटना के बारे पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेन्द्र कुमार से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। अभी तक किसी भी प्रकार की उन्हें शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications