रेप के बाद नाबालिग ने थाने जाकर दिया बयान, क्षुब्ध लड़की ने भाई की ससुराल जाकर दी जान
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में रेप के घटना से आहत होकर एक नाबालिग ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी।

बाथरूम करने गई थी नाबालिग
मामला झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र का है। यहां एक नाबालिग ने भाई के ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है 23 मार्च की रात बच्ची बाथरूम करने घर से बाहर निकली थी। इस दौरान दो लोगों ने उसको दबोच लिया और पास ही स्थित संविदा भवन में उसके साथ कुकृत्य किया। जब वह घर पर नहीं मिली तो परिजनों ने आस-पास खोजबीन की। उसी समय दो युवक भागते हुए दिखाई दिए, उन्हें पकड़ने का प्रयास भी किया गया लेकिन असफल रहे।

भाई के ससुराल में लगाई फांसी
इसकी सूचना तत्काल बड़ागांव थाना पुलिस को दी गई और सुबह थाने पहुंचकर लड़की ने अपना बयान दिया। बयान देने के बाद युवती लोक लज्जा के कारण अपने घर ना जाकर भाई के ससुराल चली गई, जहां उसने देर रात करीब दो बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पुलिस पर भी आरोप लगाते हुए कहा है यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई कर लेती तो युवती की जान बच जाती।












Click it and Unblock the Notifications