सो रही पत्नी पर चाक़ू से किए 16 वार, ससुराल में घुसकर दिया वारदात को अंजाम, थाने में बैठ हंसता रहा कातिल
उत्तर प्रदेश के झाँसी में हैवान बने एक शख्स ने अपनी पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ 16 वार किए, जिसके बाद पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हैरानी की बात ये है कि गिरफ्तार होने के बाद हत्यारा पति थाने में बैठकर ठहाके लगा रहा था, उसे इस हत्या का कोई अफसोस नहीं था। वहीं आरोपी पति ने पत्नी के मायके में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है।
तीन बच्चों के सर से उठा माँ का साया, पिता जिम्मेदार
बता दें कि झूंसी थाना क्षेत्र के छतनाग रोड के सरायतकी निवासी नीलम मिश्र का विवाह तकरीबन 13 साल पहले थरवई थाना क्षेत्र के सिंगरामऊ निवासी देवनाथ मिश्र के बेटे आशीष के साथ हुआ था। परिजनों ने बताया कि विवाह के बाद करीब डेढ़ साल तक नीलम मायके में ही रह रही थी। इसके बाद वह ससुराल गई थी। आशीष और नीलम की एक 12 वर्षीय बेटी गुनगुन, 10 वर्षीय बेटा कलश और 5 वर्षीय बेटा युवराज हैं।

दहेज़ के लिए करते थे प्रताड़ित
नीलम के परिजनों के मुताबिक विवाह के बाद से ही ससुराली नीलम को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। जिसके चलते नीलम कई बार अपने मायके आ जाती थी। नीलम के बड़े भाई राजेंद्र पांडेय ने बताया कि 18 अगस्त को उसका देवर दीपक मिश्र नीलम को मायके छोड़ गया था।
मारने के इरादे से ससुराल गया था आशीष
सोमवार की सुबह नीलम अपने मायके के पिछले कमरे में सो रही थी। इसी बीच सुबह तकरीबन 8 बजे उसका पति आशीष बाइक से ससुराल पहुंचा। उस वक्त राजेंद्र घर के सामने एक पान की दुकान पर खड़े थे। बहनोई के घर आने पर वह भी पीछे-पीछे चले आए। राजेंद्र ने बहनोई आशीष के पैर छुए लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। जिसके बाद राजेंद्र नहाने चले गए।
पत्नी पर 16 बार चाकू से वार, साले ने दबोचा
इसी बीच आशीष कमरे में पहुंचा और सो रही पत्नी नीलम मिश्र को चाकू से गोद डाला। आशीष ने नीलम के पेट और गले पर चाकू से 16 वार किए। वहीं नीलम की चीख सुनकर नहा रहे बड़े भाई राजेंद्र ने बहनोई आशीष को चाकू समेत दबोच लिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौकेे पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया।
इलाज के दौरान नीलम की मौत
इसके बाद नीलम को गंभीर हालत में एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह नीलम की मौत हो गई। पुलिस ने विवाहिता के भाई की तहरीर पर आरोपी पति समेत अन्य ससुरालियों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस ने ससुर देवनाथ मिश्र उर्फ साधु, सास रीता मिश्र, देवर दीपक मिश्र, सूरज और देवरानी रंजना के खिलाफ हत्या के प्रयास, दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
थाने में बैठकर हंस रहा था हत्यारा पति
सबसे हैरानी की बात ये है कि अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद भी हत्यारे पति आशीष मिश्र को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। झूंसी थाने के लॉकअप में बैठकर वह जोर-जोर से ठहाके मारकर हंस रहा था। उसकी हंसी सुनकर पुलिसवाले भी हैरान थे। इंस्पेक्टर वैभव सिंह ने बताया कि पत्नी से अनबन के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications