'मोदी को दिया वोट', बस इतना कहने पर गुस्साए सपाइयों ने युवक को पीट डाला
Jaunpur news, जौनपुर। यूपी के जौनपुर में पिटाई का मामला सामने आया है। बक्शा थाना क्षेत्र के बेलहटा गांव में गुरुवार की रात मोदी को वोट देने की बात से नाराज सपाइयों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। सुबह नाराज परिजनों ने राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया।

हालांकि थोड़ी ही देर में सीओ सदर व दो थानों की फोर्स ने तत्काल कार्रवाई की बात कह समझा बुझाकर मार्ग खुलवा दिया। थाना क्षेत्र के बेलहटा गांव निवासी रामनारायण का 25 वर्षीय पुत्र रोहित बिंद अपने घर के एक लड़के के साथ गांव में ही निमंत्रण खाने गया था। रात्रि करीब आठ बजे खाना खाकर वापस घर जाते समय रास्ते में करीब आधा दर्जन युवकों ने रोहित को रोककर अपना मत किसे देने के लिए पूछ लिया। रोहित ने बताया कि मैंने जैसे ही अपना मत मोदी को देने की बात कही युवकों ने मेरी लात घूसों से पिटाई शुरू कर दी।
पिटाई से नाराज परिवार वालों एवं ग्रामीणों ने कुछ भाजपा नेताओं की मौजूदगी में धनियॉमऊ भोलानगर मन्दिर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष अरविन्द यादव एवं बदलापुर पुलिस फोर्स पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि रात्रि में अनुपम यादव, विकास यादव, दिलीप यादव सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications