UP: जौनपुर के स्नेहिल कुंवर सिंह ने UPPCS J में हासिल की चौथी रैंक, रोज इतने घंटे करते थे पढ़ाई
UP Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के रहने वाले स्नेहिल कुमार सिंह ने यूपी पीसीएस जे में चौथी रैंक हासिल की है। चौथा स्थान पाने के बाद पूरे जिले में खुशी का माहौल है। स्नेहिल के सफल होने की सूचना मिलने के बाद जैसे ही उनके घर पर मिली उनके घर बधाई देने वालों का आवागमन शुरू हो गया।
गुरुवार शाम तक उनके घर रिश्तेदार और दोस्त बधाई देने आते रहे। सभी एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे थे। वहीं, स्नेहिल कुंवर सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने भाइयों और माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि भाईयों और माता-पिता के आशीर्वाद से ही यह संभव हो सका है।

जौनपुर जनपद के बदलापुर तहसील अंतर्गत खजुरान गांव निवासी 23 वर्षीय स्नेहिल कुंवर सिंह के पिता सुनील सिंह यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में गाजीपुर में क्षेत्रीय उप प्रबंधक के पद पर तैनात है। वही उनके बड़े भाई अमित सिंह जौनपुर में ही कृषि विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक है जबकि दूसरे भाई अंकित सिंह आईआईटी कानपुर से आईआईटी की पढ़ाई करने के बाद जापान के कंपनी में कार्यरत हैं।
स्नेहिल के परिवार वालों द्वारा बताया गया कि उनकी प्रारंभिक पढ़ाई जौनपुर से ही हुई। उसके बाद दसवीं की पढ़ाई उन्होंने सेंट जॉन्स में की। दसवीं में उन्होंने जौनपुर जनपद में टॉप किया था। उसके बाद पिता सुनील सिंह का ट्रांसफर दिल्ली हो गया जिसके चलते आगे की पढ़ाई दिल्ली में ही संपन्न हुई।
बचपन से ही प्रतिभा के धनी स्नेहिल कुँवर सिंह सभी कक्षाओं में बेहतर अंक प्राप्त करते रहे। स्नेहिल और उनके परिवार की ओर से बताया गया कि स्नेहिल ने यूपी पीसीएस जे परीक्षा देने के लिए कोचिंग नहीं ली, हालांकि इस परीक्षा को पास करने के लिए उन्होंने प्रतिदिन 12 घंटे पढ़ाई की।
स्नेहिल ने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि कोचिंग करने के बाद ही लोगों को सफलता मिले, अगर आपके अंदर काबिलियत है और आप मन लगाकर पढ़ाई करते हैं तो यकीन मानिए आपको सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और अपने दोनों भाइयों को देते हुए कहा कि आज मैं जो कुछ भी हूं, उन्हीं की मदद से हूं। फिलहाल उनकी सफलता से उनके गांव ही नहीं जनपद में भी खुशी का माहौल है।












Click it and Unblock the Notifications