Jaunpur : घर छोड़कर भागे प्रेमी-प्रेमिका रास्ते में मौत कर रही थी इंतजार, एक्सीडेंट में हुई मौत
Jaunpur के पंवारा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में प्रेमी प्रेमिका की मौत, दोनों घर छोड़कर हुए थे फरार
Jaunpur, 31 जुलाई : जौनपुर जिले के पंवारा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर बाजार के समीप रविवार की अल सुबह सड़क दुर्घटना में प्रेमी-प्रेमिका की मौत हो गई। परिवार वालों को रिश्ता मंजूर नही था जिसके चलते मध्य रात्रि में दोनों बाइक से अपना घर छोड़कर भाग रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लिया। उनके पास मिले पहचान पत्र के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

दो वर्षों से कर रहे थे एक दूसरे से प्रेम
मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के मढ़ैया गांव के निवासी 26 वर्षीय रवि पांडेय नामक युवक और उसी गांव रहने वाली 22 वर्षीय निधि शर्मा से पिछले 2 वर्षों से एकदूसरे से प्यार करते थे। दोनों अलग-अलग जातियों के थे जिसके चलते परिवार वालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। हालांकि प्रेमी युगल एक दूसरे से चोरी-छिपे मिलते रहते थे। परिवार वालों द्वारा जब उनके रिश्ते को स्वीकृति नहीं मिली तो दोनों ने घर छोड़ने का मन बना लिया।

मध्य रात्रि में घर छोड़ कर हुए फरार
बताया जा रहा है कि दोनों 30 जुलाई की मध्य रात्रि में घर छोड़कर फरार हो गए। रात में दोनों जब अपने घर से गायब हो गए तो परिवार के लोगों को इसकी जानकारी मिली। परिवार वालों ने रात में ही मढ़ैया सहित आसपास के गांवों में दोनों की खोजबीन की। इन दोनों के बारे में पता न चलने पर परिवार के लोग सुबह होने का इंतजार करने लगे।

सुबह में पुलिस ने दी मौत की सूचना
सुबह में दोनों के परिजन उनकी तलाश करने के लिए निकलने वाले थे, लेकिन तक तक उनके मौत की सूचना आ गई। अलसुबह दुर्घटना होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर परिजनों को सूचना दी। पुलिस द्वारा सूचना मिलने के बाद दोनों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। इस घटना को लेकर दोनों के परिवार में मातम का माहौल है।

पुलिस ने दोनों के शव को पीएम के लिए भेजा
इस बारे में पंवारा थाना प्रभारी राम सरीख गौतम ने बताया कि प्रेमी-प्रेमिका घर से भागकर बाइक से कहीं जा रहे थे। सुबह में कुंवरपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर में दोनों की मौत हो गई। उनके पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी शिनाख्त की गई और परिजनों को सूचना दिया गया। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचकर दोनों की शिनाख्त किये। दोनों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications