Jaunpur Lok Sabha 2024: बीजेपी प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह ने दाखिल किया नामांकन, योजनाओं को लेकर कही बड़ी बात
Jaunpur Lok Sabha BJP candidate: जौनपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कृपा शंकर सिंह ने सोमवार को नामांकन किया। कृपा शंकर सिंह ने चार सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के कई नेता तथा राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी और जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह सहित जौनपुर के भारतीय जनता पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की तमाम योजनाएं जनता के हित में चलाई जा रही हैं। उन योजनाओं को जौनपुर की जनता तक पहुंचना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जौनपुर में सरकार द्वारा कई विकास कार्य कराए जा रहे हैं और उन विकास कार्यों को भी उनके द्वारा पूरा कराया जाएगा। इसके अलावा रोजी रोजगार के लिए जौनपुर के लोग बाहर जाते हैं।
ऐसे में जौनपुर में ही ऐसी सुविधा और रोजगार के साधन बनाए जाएंगे जिससे कि जौनपुर के रहने वाले लोगों को किसी बाहरी राज्य में रोजगार करने के लिए न जाना पड़े। वहीं उनसे मीडिया कर्मियों ने पूछा कि जौनपुर में आपका किस टक्कर चल रहा है?
इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जौनपुर में हमारा किसी से टक्कर नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग विकास कार्य में अवरोध उत्पन्न करेंगे उससे मेरी सीधी टक्कर है।
जौनपुर में है बड़ी दिलचस्प लड़ाई
भारतीय जनता पार्टी ने इस बार जौनपुर लोकसभा सीट से कृपाशंकर सिंह को मैदान में उतारा है। समाजवादी पार्टी ने बाबू सिंह कुशवाह को और बहुजन समाज पार्टी ने धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी को टिकट दिया है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि बहुजन समाज पार्टी ने धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी को जौनपुर से टिकट देकर यहां का राजनीतिक समीकरण बदल दिया है। ऐसे में सभी उम्मीदवार जोर-शोर से प्रचार में जुटे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications