पिछले एक महीने में कश्मीर में 1700 गिरफ्तारी, 250 छात्र भी शामिल
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने तेज की घाटी में धर-पकड़।
जम्मू-कश्मीर। कश्मीर में 100 से ज्यादा दिन से चल रही अशांति के बीच पुलिस ने पिछले एक महीने में 250 छात्रों समेत 1700 गिरफ्तारियां की हैं।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर में एक प्रेस रिलीज के जरिए बताया है कि 16 सितंबर से 19 अक्टूबर के बीच राज्य में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शांति भंग करने के लिए 1700 लोगों की गिरफ्तारियां हुई है। इनमें 250 छात्र भी शामिल हैं।
वहीं राज्य के कुछ अखबारों का दावा है कि बुरहान वानी की मौत के बाद शुरू हुए अलगाववादी प्रदर्शनों के बाद राज्य में 9000 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मानवाधिकार संगठनो के मुताबिक, राज्य में अशांति के बीच 450 लोगों को पब्लिक सेफ्टी एक्ट के तहत गिरप्तार किया जा चुका है। इस कानून के तहत से 6 से 24 महीने तक बिना कोर्ट में पेश किए जेल में डाला जा सकता है।
जेलों में बंद हैं छात्र
राज्य के कारागार निदेशक एस के मिश्रा के मुताबिक बड़ा संख्या में छात्र जेलों में हैं, जिन्हें पब्लिक सिक्योरिटी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।
मिश्रा ने कहा कि इन छात्रों की उम्र औसत 18 से 19 साल है। उन्होंने बताया कि इन छात्रों को किताबें और दूसरी चाजें मुहैय्या कराई जा रही हैं, जिससे ये परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।
गौरतलब है कि हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के 8 जुलाई को सेना के साथ एनकाउंटर में मारे जाने के बाद से कश्मीर लगातार जल रहा है। लगातार कश्मीरी युवा भारतीय सेना पर पत्थर बरसा रहे हैं, जिसके जवाब में सेना भी लगातार कार्रवाई कर रही है। इसमें बड़ी संख्या में कश्मीरी युवा जख्मी भी हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications