जम्मू कश्मीर: श्रीनगर में आतंकियों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को मारी गोली, हालत गंभीर
श्रीनगर, 01 दिसंबर: श्रीनगर के राजौरी कदल इलाके में बुधवार को आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी घायल हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की फायरिंग में घायल हुए मोहम्मद अब्दुल्ला को हमले के बाद अस्पताल ले जाया गया है, जबकि हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई थी। कश्मीर संभाग में लगातार सिविलियन और पुलिसकर्मियों को आतंकवादी निशाना बना रहे हैं।

हमले के बाद प्रत्यक्षदर्शियों बताया कि, आतंकवादियों के हमले में घायल हुए पुलिसकर्मी गंभी रूप से घायल हुआ है। हालांकि अभी तक मालूम नहीं चल सका है कि, पुलिसकर्मी की स्थिति स्थिर है या अभी भी गंभीर बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर किश्तवाड़ जिले में एक वाहन से विस्फोटक बरामद किया गया है। पुलिस और सेना इस मामले में जांच कर रही है। किश्तवाड़ से पतिमहाला जा रहे वाहन को भंडारकूट में तलाशी के लिए रोका गया। वाहन से एक संदिग्ध बैग मिला।
वहीं दूसरी ओर आज पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों ने दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में जैश-ए-मोहम्मद का सरगना यासिर पारे भी शामिल है। वह आईईडी बनाने का एक्सपर्ट माना जाता है। दूसरे आतंकी की पहचान फुरकान के रूप में हुई है। वह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था। राजपोरा में सुरक्षाबलों ने आतंकियों की सूचना के बाद मंगलवार देर रात पूरे इलाके में चेकिंग शुरू कर दी थी।
एजेंसियों को राजपोरा इलाके में एक मकान में आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस-सीआरपीएफ और सेना ने संयुक्त टीम बनाकर इलाके में छापा मारा। सूत्रों के मुताबिक इलाके में दो से तीन पाकिस्तानी आतंकी मौजूद हैं। उनकी लंबे समय से तलाश की जा रही है। नवंबर माह में सुरक्षाबलों ने पांच मुठभेड़ों में 12 आतंकियों को मार गिराया था। पुलवामा मुठभेड़ पर जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि, यह एक सफल ऑपरेशन रहा है। इलाके में काफी समय से सक्रिय दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया। 2019 में यासिर पारे आतंकवादी बना था। उसके द्वारा प्लांट की गई एक आईईडी विस्फोट में सशस्त्र बलों के दो जवान शहीद हो गए थे, जबकि कई घायल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications