कश्मीरी नेताओं के साथ पीएम मोदी की बैठक से पहले 3 आतंकी हमले
श्रीनगर, जून 23: जम्मू-कश्मीर की मौजूदा स्थिति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से गुरुवार (24 जून) को बुलाई गई महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक से एक दिन पहले यानी बुधवार को जम्मू कश्मीर में तीन आतंकवादी हमले हुए। पुलवामा के राजपोरा चौक पर आतंकवादियों ने पुलिस और सीआरपीएफ जवानों की तैनाती पार्टी पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। संयुक्त बलों ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इस हमले में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है।

वहीं एक अन्य घटना में शोपियां जिले के शिरमल इलाके में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी ढेर हो गया। मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादी की पहचान सज्जाद अहमद भट के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सितंबर 2020 से सक्रिय था और कई आतंकी अपराध के मामलों में शामिल था। वहीं श्रीनगर शहर के हबाकदल इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक युवक की गोली मारकर मौत के घाट उतार किया। जम्मू-कश्मीर को अगले 48 घंटों के लिए अलर्ट पर रखा गया है। वहीं केंद्र शासित प्रदेश में गुरुवार को इंटरनेट सेवाएं भी बंद हो सकती है।
वहीं इससे पहले आतंकवादियों ने मंगलवार (22 जून) को श्रीनगर के कनिपोरा इलाके में सीआईडी इंस्पेक्टर पर गोलियां बरसी दी। गोलीबारी में शहीद हुए पुलिसकर्मी अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के परवेज अहमद डार थे, जो कि CID के एक इंस्पेक्टर थे।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 जून को नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर पर सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक गतिरोध को समाप्त करने के लिए केंद्र की ओर से यह सबसे महत्वपूर्ण कदम है। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती मंगलवार को सर्वदलीय बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंचीं है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला गुरुवार को देश की राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे।












Click it and Unblock the Notifications