कश्मीर में आतंकी 'बेखौफ', त्राल में घर में घुसकर एक शख्स को मारी गोली
जम्मू, 24 जुलाई: भारतीय सेना से आमने-सामने की लड़ाई में हार के बाद कश्मीर घाटी में आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं। साथ ही वो स्थानीय नागरिकों को भी छिपकर निशाना बना रहे। शुक्रवार देर शाम आतंकियों ने पुलवामा के त्राल में एक शख्स को गोली मार दी। बाद में वो वहां से फरार हो गए। हालांकि सुरक्षाबल के जवान पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। साथ ही सभी नाकों को भी अलर्ट कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक त्राल में लारुगाम निवासी जावेद मलिक अपने घर में थे। इसी दौरान कुछ आतंकी वहां पर पहुंचे और उनके ऊपर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इसके बाद वो वहां से फरार हो गए। आनन-फानन में आसपास के लोग उनको अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन रात होने की वजह से आतंकियों का कुछ भी पता नहीं चला।
82 आतंकी अब तक ढेर
कश्मीर घाटी में आतंकियों के खिलाफ सेना का ऑपरेशन लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को सोपोर में दो आतंकी मारे गए, जो लश्कर से जुड़े थे। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक इस साल मारे गए आतंकियों की संख्या 82 हो गई है। जिसमें कई बड़े कमांडर शामिल हैं। इसके अलावा मारे गए कुल आतंकियों में 50 प्रतिशत से ज्यादा यानी 43 आतंकी सिर्फ लश्कर के हैं।












Click it and Unblock the Notifications