जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में हालात तनावपूर्ण, दो समुदायों में बढ़ा विवाद तो प्रशासन ने लगा दी धारा 144
श्रीनगर, सितंबर 10। जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में हालात तनावपूर्ण होने की जानकारी है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने पूरे जिले के अंदर धारा 144 लागू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को राजौरी जिले में जमीन विवाद को लेकर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों समुदायों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि प्रशासन ने लोगों को घर के अंदर ही रहने की सलाह दी और पूरे जिले में धारा 144 लगा दी गई।

इंटरनेट भी हुआ है प्रभावित
आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि राजौरी शहर के वार्ड नंबर 12 के नबन मोहल्ला में स्थित एक जमीन पर दो समुदायों ने दावा किया है। हालांकि अभी तक मामला शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, लेकिन शुक्रवार को कानून व्यवस्था खराब होने की जानकारी पुलिस को मिली, जिसके बाद प्रशासन ने धारा 144 लगाने के साथ-साथ कुछ घंटों के लिए इंटरनेट पर भी पाबंदी लगाई। वहीं इस बीच लोगों के इकट्ठा होने पर सख्ती पाबंदी है।
संवेदनशील इलाकों में फोर्स की तैनाती
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि हमें कोई न कोई अप्रिय घटना होने की जानकारी मिली है, इसलिए लोगों के इकट्ठा होने पर पूर्ण पाबंदी है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। कुछ संवेदनशील इलाकों में लोगों की आवाजाही रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के अलावा कंटीले तार भी लगाए गए हैं। साथ ही सभी लोगों से घरों के अंदर रहने को कह गया है।
जानकारी के मुताबिक, जिले के पीजी कॉलेज में एक स्थान के साथ अपनी अंतिम परीक्षा देने वाले छात्रों को केवल वैध परीक्षा कार्ड / रोल नंबर पर्ची दिखाने की शर्त पर शहर के भीतर से परीक्षा स्थल की ओर जाने की अनुमति दी जाएगी। अधिकारियों ने कहा है कि प्रशासन विवाद का हल निकालने के लिए समुदायों के प्रमुख सदस्यों के साथ भी बातचीत कर रहा है। उम्मीद है कि शनिवार तक समाधान निकाल लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications