'पाक से अगर संबंध होते अच्छे तो भारत देता बड़ा राहत पैकेज', जम्मू कश्मीर ने राजनाथ सिंह ने कहा
Jammu Kashmir Election: पाकिस्तान को लेकर भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू कश्मीर में चुनाव प्रचार के दौरान बड़ा दावा किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच अच्छे संबंध होते तो भारत, पाकिस्तान को आईएमएफ से भी बड़ा राहत पैकेज देता।
दरअसल, जम्मू कश्मीर में तीसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार-प्रसार का आज (रविवार 29 सितंबर) आखिरी दिन है। प्रचार के आखिरी दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज विधानसभा पहुंचे और यहां एक चुनावी रैली को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी की ओर से 2014-15 में जम्मू-कश्मीर के लिए घोषित प्रधानमंत्री विकास पैकेज का जिक्र किया। उन्होंने कहा, पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की थी। ये अब 90,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
यह पैकेज पाकिस्तान के आईएमएफ से मांगी गई राशि (राहत पैकेज के रूप में) से कहीं अधिक है। इस दौरान राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बयान का भी जिक्र किया। दरअसल, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि हम दोस्त बदल सकते हैं, लेकिन पड़ोसी नहीं बदल सकते।
राजनाथ सिंह ने कहा कि मेरे पाकिस्तानी दोस्तों, हमारे बीच तनावपूर्ण संबंध क्यों हैं, हम पड़ोसी हैं। अगर हमारे बीच अच्छे संबंध होते, तो हम आईएमएफ से अधिक पैसे देते। कहा कि केंद्र जम्मू-कश्मीर को विकास के लिए धन देता है जबकि पाकिस्तान लंबे समय से वित्तीय सहायता का दुरुपयोग कर रहा है।
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान आतंकवाद की फैक्ट्री चलाने के लिए दूसरे देशों से पैसे मांगता है।" राजनाथ सिंह ने आगे कहा, "जब घाटी में 'इंसानियत, जम्हूरियत और कश्मीरियत' को बहाल करने का वाजपेयी का सपना साकार होगा, तब कश्मीर फिर से धरती का स्वर्ग बन जाएगा।"
उन्होंने कहा, "जब भी हमने आतंकवाद की जांच की है, हमें पाकिस्तान की संलिप्तता मिली है। हमारी सरकारों ने पाकिस्तान को यह समझाने की कोशिश की है कि उन्हें आतंकी शिविर बंद करने चाहिए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद पाकिस्तान हताश है और आतंकवाद को फिर से जीवित करने की कोशिश कर रहा है।"
सिंह ने कहा, "वे नहीं चाहते कि यहां लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हों। लेकिन, भारत इतना मजबूत है कि वह पाकिस्तान से उसकी धरती पर मुकाबला कर सकता है। अगर पाकिस्तान में कोई भी भारत पर हमला करता है, तो हम वहां जाकर जवाब दे सकते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications