जम्मू-कश्मीर के असल मुद्दों से भटकाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई- राहुल गांधी
जम्मू-कश्मीर में पार्टी के नेताओं के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने रविवार को बैठक की। इस दौरान कांग्रेस सांसद ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के असल मुद्दों से भटकाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है।

पूरे देश में अपनी पदयात्रा 'भारत जोड़ो यात्रा' के बाद राहुल गांधी अपने निजी दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे हैं। बुधवार को राहुल गांधी गुलमर्ग गए, जहां उन्होंने स्कीइंग का आनंद उठाया, जिसकी वीडियोज और फोटोज जमकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। वहीं अब रविवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कश्मीर के पार्टी नेताओं के साथ मीटिंग की, जिसमें गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के असल मुद्दों से भटकाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है।
राहुल गांधी ने की पार्टी नेताओं के साथ बैठक
जम्मू-कश्मीर में इन दिनों अतिक्रमण विरोधी अभियान की कार्रवाई जारी है। विपक्ष लगातार केंद्र से लेकर केंद्र शासित प्रदेश सरकार पर निशाना साध रहा है। इस बीच राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें जम्मू-कश्मीर में लोकतांत्रिक प्रणाली के अभाव में लोगों को हो रही कठिनाइयों पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
असल मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश: राहुल
इसके अलावा राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर में मौजूदा अतिक्रमण विरोधी अभियान को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे वास्तविक मुद्दों से विशेष रूप से बढ़ती बेरोजगारी, मूल्य वृद्धि और लोगों से संबंधित अन्य विकासात्मक मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए भाजपा की सोची-समझी चाल करार दिया।
'अधिकारों को छीनने की कोशिश'
बैठक में राहुल गांधी ने पार्टी के नेताओं से लोगों की मदद करने के लिए आगे आने के लिए कहा। मीटिंग में कांग्रेस सांसद ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली के अभाव के कारण राज्य में लोगों को कई तरह की कठनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी के साथ राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने यहां के लोगों की भावना के खिलाफ जाकर प्रदेश को दो केंद्र शासित राज्यों में विभाजित कर दिया। अब लोगों के अधिकारों को छीनने की कोशिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications