24 घंटे तक चले शोपियां एनकाउंटर में लश्कर का एक आतंकी ढेर, सेना पर हुए कई हमलों में था शामिल
श्रीनगर, सितंबर 13। जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में सोमवार शाम से चल रहा एनकाउंटर खत्म हो गया है। सुरक्षाबलों ने इस एनकाउंटर में लश्कर ए तैयबा के एक आतंकी को मार गिराया है। हालांकि सेना का एक जवान भी एनकाउंटर में घायल हो गया है। आपको बता दें कि यह एनकाउंटर शोपियां जिले के हेफ शिरमल गांव में चल रहा था।

पुलिस ने दी एनकाउंटर से जुड़ी अहम जानकारी
जानकारी के मुताबिक, यह ऑपरेशन जम्मू कश्मीर पुलिस राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ के द्वारा चलाया गया था। सोमवार शाम से शुरू हुआ एनकाउंटर मंगलवार शाम को गहन तलाशी अभियान के साथ ही खत्म हो गया। एनकाउंटर से जुड़ी जानकारी देते हुए पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा है, "सर्च ऑपरेशन के दौरान जैसे ही आतंकियों ने खुद को घिरा हुआ पाया तो उन्होंने हमारी टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद हमारी टीम ने भी जवाबी फायरिंग की और उसके बाद एक आतंकी को हमने मार गिराया। फायरिंग के दौरान सेना के एक जवाब को भी गोली लगी है। जवान को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
मोस्ट वॉन्टेड था मारा गया आतंकी
मारे गए आतंकवादी की पहचान आकिब अहमद पॉल के रूप में ही हुई है, जो कश्मीर का ही रहने वाला था और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मारा गया आतंकी मोस्ट वॉन्टेंड टेररिस्ट था। आकिब पुलिस और सुरक्षाबलों पर होने वाले हमलों में भी शामिल था। एनकाउंटर वाली जगह पर सुरक्षाबलों को हथियार, गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications